मोहाली की लालड़ू नगर काउंसिल में जोरावर सिंह बने प्रधान: लंबे इंतजार के बाद तीन पदों पर निर्विरोध हुआ चुनाव, AAP का हुआ कब्जा – Mohali News
मोहाली जिले के लालड़ू नगर काउंसिल में नए नेतृत्व के गठन को लेकर चल रहा लंबा इंतजार आखिरकार शुक्रवार को समाप्त हो गया। काउंसिल के प्रधान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (सीनियर वाइस प्रेसिडेंट) और उपाध्यक्ष (वाइस प्रेसिडेंट) के तीनों महत्वपूर्ण पदों पर सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनाव संपन्न हो गए। इस निर्विरोध चुनाव के साथ ही नगर काउंसिल को स्थायी बोर्ड मिल गया है, जिससे शहर के लंबे समय से लंबित पड़े विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े बड़े फैसलों में तेजी आने की उम्मीद है। यह पूरी चुनाव प्रक्रिया एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी अमित गुप्ता की कड़ी निगरानी में संपन्न हुई, जबकि नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी (EO) अशोक परहिया ने इस दौरान सचिव की भूमिका निभाई। बैठक की शुरुआत होते ही आम आदमी पार्टी (AAP) की वरिष्ठ महिला पार्षद महिमा शर्मा ने तीनों शीर्ष पदों के लिए नामों का प्रस्ताव सदन के सामने रखा। इस प्रस्ताव को वहां मौजूद सभी पार्षदों ने एकमत से अपना समर्थन दे दिया। किसी भी पद के लिए विपक्ष या अन्य किसी पार्षद द्वारा कोई दूसरा नाम सामने न आने के कारण पूरी चुनाव प्रक्रिया निर्विरोध संपन्न हो गई। किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी? प्रधान (अध्यक्ष): जोरावर सिंह (यह पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित था)। वरिष्ठ उपाध्यक्ष: हरीश मदान। उपाध्यक्ष: अमन राणा। बिना किसी भेदभाव के होगा शहर का विकास इस ऐतिहासिक मौके पर विशेष रूप से पहुंचे डेराबस्सी क्षेत्र के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नगर काउंसिल को अब एक मजबूत और आपसी समन्वय वाली टीम मिली है, जो लालड़ू शहर के विकास को नई गति देगी। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक को बेहतर बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना है और नई परिषद इसी विज़न पर काम करेगी। प्रधान ने गिनाई अपनी प्राथमिकताए्ं नवनिर्वाचित प्रधान जोरावर सिंह ने कहा कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना, शुद्ध पेयजल, पक्की सड़कें, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं को हर वार्ड तक पहुंचाना मेरी सबसे पहली प्राथमिकता होगी। मैं सदन के सभी पार्षदों को साथ लेकर बिना किसी भेदभाव के पूरे शहर का सर्वांगीण विकास करवाऊंगा। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर शहर के कई गणमान्य लोग और विभिन्न वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।
Source link

