पठानकोट में युवक को मोटर पर बांध अश्लील वीडियो बनाया: मारपीट की, जान से मारने की धमकी; पुलिस ने शुरू की जांच – Pathankot News
पठानकोट के सुजानपुर स्थित बड़ोई गांव में एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने युवक का अश्लील वीडियो भी बनाया और उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित युवक और उसकी मां की शिकायत पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित युवक की पहचान बड़ोई गांव निवासी प्रभजीत सिंह पुत्र गुरनाम सिंह के रूप में हुई है। प्रभजीत ने बताया कि वह कुछ दिनों से अपने मामा के घर गया हुआ था। उसकी माता सुषमा देवी के अनुसार, वे दोनों 24 जून को दोपहर करीब 12 बजे घर लौटे थे। घर से दौड़ लगाने के लिए निकला था प्रभजोत
प्रभजीत सिंह ने बताया कि वो शाम करीब 4 बजे रोज़ की तरह दौड़ने के लिए निकला। शाम 4:30 बजे इंडस्ट्रियल एरिया के पास गांव के ही दो लड़के, जिन्होंने अपने मुंह कपड़े से ढक रखे थे, उसके पास आए। वे प्रभजीत को कोई ज़रूरी बात करने के बहाने अपने साथ ले गए। मां ने रोते हुए सुनाई पूरी कहानी
पीड़ित की माता सुषमा देवी ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया कि जब उनका बेटा काफी देर तक वापस नहीं आया, तो उन्होंने शाम को करीब साढ़े 7 बजे उसे फोन किया। उस समय प्रभजीत ने डरते हुए कहा कि वह ग्राउंड में ही है और थोड़ी देर में आ जाएगा। इसके बाद रात साढ़े 8 बजे जब दोबारा फोन किया गया, तो प्रभजीत ने बहुत ही सहमी हुई और डरी हुई आवाज़ में कहा कि वह घर आ रहा है।
मां सुषमा देवी ने कहा कि जब हम रात को खाना खाने लगे और दोबारा फोन मिलाया, तो उसका फोन बंद आने लगा। उसके साथ रहने वाले अन्य लड़कों के फोन भी स्विच ऑफ थे। घबराकर मां ने आस-पास के कुछ लड़कों को बुलाया और ग्राउंड में जाकर अपने बेटे को ढूंढा, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। घर पहुंचा तो खून से सने थे कपड़े सुषमा देवी ने बताया कि बाद में जब प्रभजीत का फोन लगा, तो उसने कहा कि वे किसी दोस्त का जन्मदिन मना रहे हैं। लेकिन जब मेरा बेटा देर रात घर लौटा, तो उसके कपड़ों और पजामे पर खून के गहरे निशान लगे हुए थे। डर के मारे उसने रात में कुछ नहीं बताया, लेकिन सुबह पूछने पर उसने पूरी आपबीती सुनाई।
मोटर पर ले जाकर की बर्बरता
सुष्मा का आरोप है कि कुछ लड़कों ने प्रभजीत को एक सुनसान जगह पर स्थित मोटर पर बंधक बना रखा था। वहां उन्होंने प्रभजीत के कपड़े उतरवाकर उसकी नग्न वीडियोज़ बनाईं और बुरी तरह मारपीट की। आरोपियों ने मारपीट के दम पर पिस्तौल व चिट्टे से जुड़े मामलों में भी उसकी जबरन ‘हां’ करवाकर वीडियो रिकॉर्ड कर ली। गंभीर रूप से प्रताड़ित करने के बाद आरोपियों ने उसे रात के करीब 11 बजे छोड़ा। पारिवारिक सदस्यों का कहना है कि उक्त युवकों ने प्रभजीत को कहा कि उसने उनके घरों की रेकी की है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि उनके घर में प्रभजीत के पिता का देहांत हो चुका है और उसकी बहनें बाहर रहती हैं। घर में वे दोनों अकेले ही रहते हैं और आरोपी अब उन्हें लगातार जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकियां दे रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
इस पूरे मामले पर शाहपुर कंडी थाने में तैनात एएसआई धर्मपाल ने बताया कि पीड़ित प्रभजीत सिंह की तरफ़ से थाने में शिकायत दी गई है। जिसमें उसने कुछ लड़कों पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आगे बताया कि पीड़ित परिवार की तरफ़ से शिकायत के साथ उसका मेडिकल भी पेश किया गया है। यह दरख्वास्त आगे की जांच के लिए एएसआई हरबंस लाल को सौंप दी गई है। डॉक्टर द्वारा मेडिकल रिपोर्ट में लिखी गई चोटों के आधार पर और मेडिकल परिणाम के अनुसार जो भी उचित कानूनी धाराएं बनेंगी, उसके मुताबिक आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link

