अबोहर में नाबालिग छात्रा व नानी घर में घुसकर पीटा: कपड़े फाड़े, पिता के मौत से ननिहाल में रह रही थी, अभद्रता की शिकायत करने पर वारदात – Abohar News

अबोहर में नाबालिग छात्रा व नानी घर में घुसकर पीटा:  कपड़े फाड़े, पिता के मौत से ननिहाल में रह रही थी, अभद्रता की शिकायत करने पर वारदात – Abohar News




फाजिल्का जिले में अबोहर उपमंडल के अंतर्गत आते गांव किल्लियांवाली में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कुछ युवकों द्वारा एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की और उसकी बुजुर्ग नानी के साथ बेरहमी से मारपीट करने का बेहद संगीन मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि पड़ोस के ही कुछ मनचले युवकों ने घर में घुसकर उसके कपड़े फाड़ दिए और अस्मत पर हाथ डालने की कोशिश की। जब उसकी नानी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें भी बुरी तरह पीट डाला। दोनों घायलों को इलाज के लिए अबोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उपचाराधीन नातिन और नानी ने पंजाब पुलिस के उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत करने के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, बढ़े हौसले अस्पताल के बेड पर जिंदगी और दर्द से जूझ रही आठवीं कक्षा की छात्रा रमनदीप (15) ने बताया कि जब वह महज एक वर्ष की थी, तब उसके पिता का देहांत हो गया था। मां ने दूसरी शादी कर ली। इसके बाद से उसकी नानी ही उसका पालन-पोषण कर रही हैं। रमनदीप के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले कुछ आवारा किस्म के युवक अक्सर उनके घर के बाहर खड़े होकर अश्लील फब्तियां कसते और अशोभनीय हरकतें करते थे। इससे तंग आकर उसने गांव में आई पुलिस पीसीआर टीम को शिकायत दी, जिन्होंने उसे थाने जाकर लिखित शिकायत देने को कहा। लड़की ने गांव के सरपंच को भी इस प्रताड़ना के बारे में बताया, लेकिन वहां से भी उसे थाने जाने की ही सलाह मिली। शिकायत पर कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौंसले बढ़ गये। शिकायत की भनक लगते ही नानी की गैरमौजूदगी में घर में घुसे आरोपी पीड़िता ने बताया कि जब आरोपियों को पता चला कि लड़की ने पुलिस और पंचायत में उनके खिलाफ आवाज उठाई है, तो वे आगबबूला हो गए। शनिवार को जब नानी घर पर नहीं थी, तो आरोपी जबरन घर के भीतर दाखिल हो गए। उन्होंने लड़की के साथ गाली-गलौज करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए और मारपीट की। घबराई हुई लड़की जब दोबारा सरपंच के पास पहुंची, तो उसे फिर से थाने भेज दिया गया। विरोध करने पर बुजुर्ग नानी को भी नहीं बख्शा पीड़िता के मुताबिक, जब उसकी बुजुर्ग नानी घर वापस लौटी और उसे इस घिनौनी हरकत का पता चला, तो वह न्याय मांगने और विरोध जताने आरोपियों के पास गईं। इस बात से नाराज होकर दबंग युवकों ने बुजुर्ग महिला पर भी हमला कर दिया और उन्हें लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस बोली- घायलों के बयान दर्ज कर रहे हैं, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी इस पूरे मामले में थाना खुईयां सरवर पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना उन्हें मिल चुकी है और पुलिस पार्टी अस्पताल में घायलों के बयान दर्ज करने पहुंच रही है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है और कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *