राजपुरा में प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर पर फायरिंग: 2 नकाबपोशों ने दिनदहाड़े 8 राउंड फायरिंग की; आरोपी सुबह से कर रहे थे रेकी – Patiala News
पटियाला जिले के राजपुरा के अंडरब्रिज रोड स्थित लक्ष्मी प्रॉपर्टी ऑफिस में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई है। 2 अज्ञात नकाबपोश युवकों ने दफ्तर में घुसकर करीब 8 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। दोनों आरोपी सुबह से ही इलाके की रेकी कर रहे थे। एक युवक मोटरसाइकिल पर बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा दफ्तर के अंदर गया। हमलावरों ने लक्ष्मी प्रॉपर्टी के मालिक और राजपुरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष रमेश पाहुजा के बारे में पूछताछ की। उस समय रमेश पाहुजा दफ्तर में मौजूद नहीं थे। इसके बाद आरोपियों ने दफ्तर के अंदर कई राउंड फायरिंग की और भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही सीआईए पटियाला, सीआईए राजपुरा और एसएचओ सिटी समेत पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस कर रही मामले की जांच पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगा रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस का कोई भी अधिकारी बयान देने के लिए उपलब्ध नहीं है। बताया गया कि सभी उच्च अधिकारी मुख्यमंत्री भगवंत मान के पटियाला और समाना में आयोजित कार्यक्रम में गए थे।
Source link

