30 साल सेवा के बाद डॉ. रश्मि विज को दी विदाई – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल की संस्थापक प्रिंसिपल डॉ. रश्मि विज की रिटायरमेंट पर स्कूल में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उनके 30 वर्षों के कार्यकाल और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के प्रिंसिपल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में मुख्य अतिथि एडीजीपी एवं स्कूल एलएमसी के अध्यक्ष एम. एफ. फारूकी ने डॉ. रश्मि विज का स्वागत किया। इस मौके पर स्कूल एलएमसी के पूर्व अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त डीजीपी राजन गुप्ता, प्रबंधक स्वीन पुरी, डीएवी कॉलेज के प्रधानाचार्य अनूप कुमार, पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. योगेश गंभीर सहित कई शिक्षाविद मौजूद रहे। डॉ. रश्मि विज के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वीडियो के माध्यम से उनके 30 वर्षों के सफर और उपलब्धियों को दिखाया गया। स्कूल प्रबंधन ने उन्हें शॉल, स्मृति चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया। अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. रश्मि विज को शिक्षा के क्षेत्र में कई सम्मान मिले। उन्हें वर्ष 2007 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, ब्रिटिश काउंसिल का ग्लोबल टीचर एक्रीडिटेशन, नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन का सम्मान और डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी का सर्वश्रेष्ठ प्रधानाचार्य पुरस्कार मिल चुका है। उन्होंने डीएवी पब्लिक स्कूलों की क्षेत्रीय अधिकारी और सीबीएसई स्कूलों की सिटी कोऑर्डिनेटर के रूप में भी सेवाएं दी हैं। विदाई संबोधन में डॉ. रश्मि विज भावुक हो गईं। उन्होंने 30 वर्षों की अपनी यात्रा को याद करते हुए स्कूल परिवार, विद्यार्थियों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस स्कूल से उनका भावनात्मक जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।
Source link

