सुजानपुर नगर कौंसिल चुनाव में धांधली का आरोप: न कोरम पूरा, न समय पर एजेंडा, भाजपा हाईकोर्ट जाएगी, AAP पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप – Pathankot News

सुजानपुर नगर कौंसिल चुनाव में धांधली का आरोप:  न कोरम पूरा, न समय पर एजेंडा, भाजपा हाईकोर्ट जाएगी, AAP पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप – Pathankot News




पठानकोट के सुजानपुर नगर कौंसिल में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर सत्ता का दुरुपयोग करने और अवैध तरीके से चुनाव संपन्न कराने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा ने इस पूरे चुनावी प्रक्रिया को असंवैधानिक करार देते हुए इसके खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने का फैसला किया है। सुजानपुर मंडल अध्यक्ष रूप लाल की अध्यक्षता में आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पंजाब विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू ने चुनावी प्रक्रिया पर बड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने बताया कि सुजानपुर नगर कौंसिल में कुल 15 पार्षद हैं और 2 विधायकों के मत मिलाकर कुल 17 वोट हैं। नियमों के मुताबिक, अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 2 विधायकों सहित कम से कम 9 सदस्यों की उपस्थिति (कोरम) अनिवार्य थी। दिनेश सिंह बब्बू ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने जिला प्रशासन पर अनुचित दबाव बनाया और बिना कोरम पूरा किए ही तानाशाही तरीके से चुनाव करवा लिए। मात्र 4 पार्षदों की मौजूदगी में ही ‘आप’ ने अपने उम्मीदवारों को नगर कौंसिल का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया, जो कि पूरी तरह से गैर-कानूनी है।” नियमों की अनदेखी: 24 घंटे पहले दिया एजेंडा पूर्व डिप्टी स्पीकर ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार किसी भी मीटिंग का एजेंडा पार्षदों को कम से कम 48 घंटे पहले मिलना चाहिए। लेकिन इस चुनाव के लिए मात्र 24 घंटे पहले ही एजेंडा थमाया गया। बब्बू ने दावा किया कि इससे पहले भी कुल तीन मीटिंग्स बुलाई गई थीं, लेकिन किसी में भी आम आदमी पार्टी कोरम पूरा नहीं कर सकी। इसके बावजूद, चौथी बार में नियमों को ताक पर रखकर यह असंवैधानिक कदम उठाया गया। 2027 के विधानसभा चुनाव में भुगतना होगा खामियाजा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा नेताओं ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि वे इस तरह की “धक्केशाही” और प्रशासनिक तानाशाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। बब्बू ने माधोपुर जिला परिषद चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी ‘आप’ ने हारे हुए उम्मीदवार को विजेता घोषित कर दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार को प्रशासन के दम पर ही चुनाव जीतने हैं, तो लोकतंत्र में चुनाव कराने की आवश्यकता ही क्या है? उन्होंने दावा किया कि सुजानपुर में ‘आप’ का जमीनी स्तर पर कोई जनाधार नहीं है। लोकतंत्र की इस कथित हत्या का करारा जवाब राज्य की जनता देगी और इसका बड़ा खामियाजा आम आदमी पार्टी को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।इस मौके पर भाजपा मंडल महासचिव राकेश मेहरा, पार्षद सुरेंद्र महाजन, पार्षद द्वारका दास, पार्षद अशोक बावा, युवा मोर्चा अध्यक्ष प्रथम ठाकुर, सुनील सिंह हैप्पी, डॉ. सचिन शर्मा, पिंटू जसरोटिया, अश्विनी शर्मा, पंकज कटारिया, मनोहर लाल और प्रयास ठाकुर सहित भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *