सरहिंद में भाजपा का प्रदर्शन: महिलाओं से किए वादे याद दिलाए, बोली- बिजली कटौती ने किसानों की बढ़ाई परेशानी – Khanna News
फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिला अध्यक्ष दीदार सिंह भट्टी के नेतृत्व में पंजाब सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर महिलाओं के साथ भेदभाव करने, चुनावी वादों को पूरा न करने और लगातार बिजली कटौती से किसानों को संकट में डालने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष दीदार सिंह भट्टी, गौ रक्षा सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप सिंह सिद्धूपुर ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने सभी पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा किया था। हालांकि, अब केवल चुनिंदा महिलाओं को ही 1000 या 1500 रुपये दिए जा रहे हैं, जिससे अन्य महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार ने सभी महिलाओं को लाभ देने का वादा किया था, तो अब अधिकांश महिलाओं को योजना से बाहर क्यों रखा गया है। BJP नेता बोले- सरकार जानबूझकर भेदभाव पैदा करने की कोशिश कर रही भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर लोगों के बीच भेदभाव पैदा करने की कोशिश कर रही है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने देश के विभिन्न राज्यों में लाड़ो लक्ष्मी योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें सम्मान दिलाने का कार्य किया है। नेताओं ने राज्य में लगातार हो रही बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि धान के सीजन में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों को सिंचाई करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और किसानों की आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो रही है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है और राज्य की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने सरकार से महिलाओं से किए गए सभी वादे तुरंत पूरे करने, बिजली आपूर्ति में सुधार करने और किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
Source link

