जगराओं में भाजपा का प्रदर्शन: नेता डॉ. राजिंदर शर्मा बोले- वादा निभाते तो महिलाओं के खातों में 51 हजार रुपए होते – Jagraon News
जगराओं में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब सरकार की महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये देने की योजना को लेकर शुक्रवार देर शाम विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजिंदर शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सरकार पर चुनावी वादा पूरा
.
डॉ. राजिंदर शर्मा ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की हर महिला को बिना शर्त प्रति माह 1000 रुपये देने का वादा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बनने के 51 महीने बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया।
अब विधानसभा चुनाव नजदीक आने पर सरकार को यह वादा याद आया है और वह कई शर्तें लगाकर केवल तीन महीने की राशि देने की घोषणा कर रही है।
शर्मा बोले- वादा निभाते तो खाते में 51 हजार होते
शर्मा ने कहा कि यदि सरकार ने अपना चुनावी वादा निभाया होता, तो प्रत्येक महिला के खाते में अब तक लगभग 51,000 रुपये जमा हो चुके होते। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तीन महीने की राशि देकर पिछले 51 महीनों का हिसाब दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे पंजाब की महिलाएं स्वीकार नहीं करेंगी।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि महिलाओं को किसी प्रकार की राहत या चुनावी ‘सौगात’ नहीं चाहिए। उनकी मांग है कि चुनाव के समय किए गए वादे के अनुसार बिना किसी भेदभाव और शर्त के उनका पूरा बकाया भुगतान किया जाए। उन्होंने ‘आप’ पर चुनावों से पहले महिलाओं को लुभाने के लिए पुराने वादों का सहारा लेने का आरोप भी लगाया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया, तो आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज किया जाएगा। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरबजीत कौर, जिला महासचिव प्रदीप जंड, बाल कृष्ण गर्ग, परमजीत सिंह टूसे, यशपाल शर्मा, शुभम मुल्लांपुर, सुरेश गर्ग, गौरव गुप्ता, महीपाल कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता उपस्थित थे।

