जगराओं में मिनी बस-ऑटो ड्राइवरों में टकराव: सवारियों को बैठाने को लेकर विवाद, ऑटो के टायर पंचर करने का आरोप – Jagraon News
लुधियाना जिले के जगराओं के नजदीकी गांव जड़ी में मिनी बस और ऑटो ड्राइवरों के बीच सवारियां उठाने को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इस दौरान एक बस ड्राइवर ने ऑटो के टायर पंचर कर दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ऑटो ड्राइवर सुखजीत सिंह ने आरोप लगाया कि वह शहर से सवारी छोड़कर वापस लौट रहा था, तभी कुछ मिनी बस ड्राइवरों ने उसका ऑटो रोक लिया। उनके बीच बहस शुरू हो गई, जिसके बाद एक बस ड्राइवर ने नुकीली वस्तु से उसके ऑटो के टायर पंचर कर दिए। सुखजीत सिंह ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। बस ड्राइवर बोले-सरकार को पूरा टैक्स अदा करते हैं दूसरी ओर, मिनी बस ड्राइवरों का कहना है कि उनकी बसें गांवों के रूट पर नियमित रूप से चलती हैं और वे सरकार को पूरा टैक्स अदा करते हैं। उनका आरोप है कि ऑटो ड्राइवर अब गांवों से भी सवारियां उठाने लगे हैं, जिससे उनके व्यवसाय पर सीधा असर पड़ रहा है। बस ड्राइवरों ने मांग की कि ऑटो का संचालन केवल शहर की सीमा तक ही सीमित रहना चाहिए। मामले की जांच कर रही पुलिस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बस स्टैंड चौकी प्रभारी आत्मा सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने या किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के आधार पर सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

