सरकारी मुलाजिमों और पेंशनरों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब स्टेट मिनिस्ट्रियल सर्विसेज यूनियन पंजाब मुलाजिम व पेंशनर फ्रंट तथा संयुक्त मुलाजिम मंच के आह्वान पर बुधवार को सरकारी मुलाजिमों ने सरकार के खिलाफ तीखा प्रदर्शन किया। जिला प्रशासकीय कॉम्पलेक्स के बाहर विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने धरना प्रदर्शन कर रोष मार्च निकाला। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के साथ पेंशनरों ने भी हिस्सा लिया। यूनियनों के नेताओं ने कहा कि 20 जून को लुधियाना में हुई संयुक्त समिति की बैठक में लिए फैसलों के अनुसार यह संघर्ष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की लंबित मांगों को तुरंत लागू करे। उन्होंने कहा कि बकाया किस्तें जारी की जाएं, 17 जुलाई 2020 के पत्र को रद्द किया जाए, कर्मचारियों को पूर्ण वेतन दिया जाए, मानदेय कर्मियों पर न्यूनतम वेतन कानून लागू किया जाए तथा एसीपी संबंधी लंबित मामलों का निपटारा कर वेतन में बढ़ोतरी की जाए। इस मौके पर सुरिंदर कुमार और डिंपल रहेला, पंजाब पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्यारा सिंह और मास्टर मनोहर लाल, गवर्नमेंट एडिड स्कूल कर्मचारी संगठनों के गुरचरण सिंह चाहल और नरिंदर नाथ सैनी, डेमोक्रेटिक मुलाजिम फेडरेशन पंजाब के हरिंदर दुसांझ और कुलविंदर सिंह जोसन, पंजाब सबऑर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन के प्रतिनिधियों सहित ड्राइवर व तकनीकी यूनियनों के पदाधिकारी शामिल रहे। यूनियन प्रधान तेजिंदर सिंह नंगल ने कहा कि अगर सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों का जल्द समाधान नहीं किया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों में सरकार की नीतियों को लेकर भारी रोष है और आने वाले समय में बड़े स्तर पर आंदोलन किए जाएंगे।
Source link

