संगरूर में सीवरेज संकट झेल रही सुंदर बस्ती: गलियों में भरा गंदा पानी, लोगों का फूटा गुस्सा; सरकार-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन – Sangrur News
संगरूर की सुंदर बस्ती में पिछले डेढ़ साल से सीवरेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। गलियों में गंदा पानी जमा होने से स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर हो गया है। इस समस्या से तंग आकर लोगों ने आज प्रशासन और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। बस्ती की सड़कों पर गंदा पानी जमा होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। घरों के नलों में भी दूषित पानी आ रहा है, जिससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। बच्चों को स्कूल जाने में भी भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें अपने जूते उतारकर और कपड़े ऊपर करके पानी से गुजरना पड़ता है। निवासियों का कहना है कि गलियों में इतना पानी भरा है कि लोगों के कपड़े खराब हो जाते हैं। लोग बोले- चोट लगने का खतरा बना रहता है इसके अलावा, पानी में छिपे गड्ढों में गिरने से चोट लगने का खतरा बना रहता है। लोगों ने इन हालातों को ‘नरक भरा’ बताया है। प्रदर्शनकारियों ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर विकास कार्यों के खोखले वादे करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सत्ता में आने से पहले किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं, जबकि संगरूर शहर लंबे समय से सीवरेज की समस्या से जूझ रहा है। आम आदमी पार्टी के एक स्थानीय पार्षद ने भी प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। लोगों ने प्रशासन और सरकार से इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है।
Source link

