श्री अकाल तख्त के पोस्टर फटने पर विवाद: SGPC सदस्य सियालका ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांगा इस्तीफा, राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग – Amritsar News

श्री अकाल तख्त के पोस्टर फटने पर विवाद:  SGPC सदस्य सियालका ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांगा इस्तीफा, राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग – Amritsar News




पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में है। एसजीपीसी सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता भगवंत सिंह सियालका ने मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है। सियालका ने कहा कि विवादित वीडियो मामले की फोरेंसिक जांच के बाद अकाल तख्त साहिब द्वारा आदेश जारी किए गए थे। इन आदेशों को संगत तक पहुंचाने के लिए पंजाब के विभिन्न इलाकों में पोस्टर लगाए गए, लेकिन कई स्थानों पर इन पोस्टरों को फाड़ने और हटाने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि मजीठा, चविंडा देवी, बटाला बाईपास, नंगल टोल प्लाजा, फतेहगढ़ साहिब समेत कई जगहों से पोस्टर हटाए गए हैं। सियालका के अनुसार, इस तरह की घटनाएं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ पंजाब में तनाव और टकराव का माहौल भी पैदा कर सकती हैं। एसजीपीसी सदस्य ने कहा कि अकाल तख्त साहिब के आदेशों का सिख समुदाय में विशेष महत्व है और इतिहास में इन आदेशों का सम्मान किया जाता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अब तक विवादित वीडियो को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है। सियालका ने मुख्यमंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग करते हुए कहा कि यदि आम आदमी पार्टी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती, तो पंजाब के राज्यपाल को अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाते हुए मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस मुद्दे पर एसजीपीसी की एक विशेष बैठक बुलाई गई है। बैठक में आगे की रणनीति तय करने और संगत को पूरे मामले से अवगत कराने संबंधी फैसले लिए जाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *