अमृतसर में व्यापारियों से फिरौती-मांगने और फायरिंग करने वाले 2-गिरफ्तार: मोबाइल बरामद, तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी – Amritsar News

अमृतसर में व्यापारियों से फिरौती-मांगने और फायरिंग करने वाले 2-गिरफ्तार:  मोबाइल बरामद, तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी – Amritsar News




अमृतसर ग्रामीण के थाना चाटीविंड पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वसूली और धमकी देने वाले एक स्थानीय गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो क्षेत्र के व्यापारियों और दुकानदारों को फोन कर रंगदारी की मांग करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिसका उपयोग धमकियां देने और फिरौती मांगने के लिए किया जा रहा था। थाना प्रभारी हरचंद सिंह संधू ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुखदेव सिंह समेत दो सदस्य शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गैंग लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और व्यापारियों को डराकर पैसे वसूलने की कोशिश करता था। पुलिस के अनुसार, यदि कोई व्यापारी पैसे देने से इनकार करता था तो उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी। इतना ही नहीं, दहशत फैलाने के लिए गैंग के सदस्य दुकानों, घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर फायरिंग भी करते थे। इससे इलाके में भय का माहौल बना हुआ था। पुलिस ने बताया कि इस गैंग में कुल पांच सदस्य शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के अलावा विशाल, शमशेर और हरप्रीत उर्फ हैप्पी की तलाश जारी है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गैंग की अन्य वारदातों, नेटवर्क और हथियारों के स्रोत के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। जांच टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या इस गैंग के संबंध किसी बड़े आपराधिक गिरोह या संगठित अपराध नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। शमशेर सिंह के पास हथियार होने की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *