बठिंडा-क्लिनिक पर पेट्रोल बम हमले के 2 आरोपी अरेस्ट: पेशाब करने का बहाना कर भागने की कोशिश, फ्लाईओवर से कूदे; हाथ-पैर टूटे – Bathinda News
बठिंडा पुलिस ने भाजपा नेता क्लिनिक पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की, जिसमें उनके हाथ-पैर टूट गए। यह कार्रवाई डीआईजी बठिंडा रेंज हरजीत सिंह के निर्देश पर की गई। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आरोपियों को वापस लेकर आ रही थी, तब बठिंडा-मुक्तसर हाईवे पर आरोपियों ने पेशाब करने का बहाना बनाया। गाड़ी रुकते ही दोनों आरोपियों ने फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगाकर भागने की कोशिश की, जिसमें उनके हाथ-पैर टूट गए। इसके बाद सीआईए स्टाफ-2 और काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर 2 आरोपियों को काबू कर लिया। इनकी पहचान फाजिल्का जिले के गांव खुइयां सरवर निवासी नाखुल कुमार राजपूत (21 वर्ष) और गुरविंदर सिंह उर्फ उल्ली (22 वर्ष) के रूप में हुई है। गौरतलब है कि घटना 22 जून 2026 की रात करीब 09:42 बजे हुई थी। टैगोर नगर निवासी भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग के विशाल नगर स्थित ‘हैनेमन होमियो क्लिनिक’ पर 2 अज्ञात व्यक्तियों ने विस्फोटक सामग्री (पेट्रोल बम) से भरी कांच की बोतल फेंकी थी। इस संबंध में 23 जून को थाना कोतवाली बठिंडा में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान शिकायतकर्ता की पत्नी के बयानों के आधार पर शहजाद भट्टी नामक व्यक्ति को भी आरोपी के रूप में नामजद किया गया और केस में धारा 113 (BNS) जोड़ी गई। पुलिस ने की थी कई टीमें गठित वारदात को सुलझाने के लिए एसपी सिटी और एसपी डी की निगरानी में बठिंडा पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस (गुप्त सूचनाओं) के आधार पर वारदात को अंजाम देने वाले 3 आरोपियों की पहचान की गई। आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए तीसरे आरोपी (संदीप सिंह) ने गुरविंदर सिंह और नाखुल को 3-3 हजार रुपये देने का वादा किया था। पुलिस के अनुसार पकड़े आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। फिलहाल फरार चल रहे तीसरे आरोपी संदीप सिंह निवासी जिला फाजिल्का की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ के दौरान कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Source link

