वोटर लिस्ट रिवीजन ने मिलाए 48 साल से बिछड़े भाई: तरनतारन में रिकॉर्ड लेने गांव पहुंचे, तीनों गले मिलकर भावुक हुए – tarn-taran News
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इन-डेप्थ रिवीजन ऑफ वोटर लिस्ट (SIR 2026) अभियान के तहत खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र में एक अनोखा और भावुक मामला सामने आया है। इस अभियान के दौरान 48 साल पहले बिछड़े तीन भाई फिर से मिल गए। यह पुनर्मिलन वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के दौरान हुआ। खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव चुटाला के बूथ नंबर 47 के बीएलओ दविंदर सिंह खैरा ने बताया कि सरदार विजय सिंह (67) अपने वोट के बारे में जानकारी लेने आए थे। विजय सिंह ने बताया कि बचपन में काम की तलाश में वह अपनी मां के साथ चंडीगढ़ चले गए थे। वहां काम में व्यस्त होने के कारण वह अपने पैतृक गांव चुटाला कभी वापस नहीं लौट पाए। कम उम्र में हो गया था मां का निधन कम उम्र में मां का निधन हो गया था और पिता का साया पहले ही उठ चुका था, जिसके कारण उनका अपने गांव और परिवार से पूरी तरह संपर्क टूट गया। दूसरी ओर, गांव में रहने वाले उनके दो भाई भी सालों से विजय को ढूंढ रहे थे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया था। जब पूरे देश में स्पेशल वोटर रजिस्ट्रेशन (SIR) का काम चल रहा था, तब विजय सिंह ने पंचकूला में अपने स्थानीय बीएलओ से संपर्क किया। चूंकि वहां पुराना डेटा उपलब्ध नहीं था, इसलिए बीएलओ ने उन्हें अपने गांव से साल 2003 का रिकॉर्ड लाने को कहा। इसी सिलसिले में जब वह 48 साल बाद अपने गांव चुटाला पहुंचे। गांव में मौजूद उनके बड़े भाई (76) और छोटे भाई राजिंदर सिंह (72) उनसे मिले। 48 साल के लंबे अलगाव के बाद जब तीनों भाई मिले, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वे एक-दूसरे से गले मिले और इतने भावुक हो गए कि कुछ देर तक बोल भी नहीं पाए। गांव में खुशी की लहर इस ऐतिहासिक मुलाकात के बाद परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। इस मौके पर ब्लॉक समिति मेंबर मेहर सिंह, पूर्व टीचर मेहर सिंह, हरजिंदर सिंह पंचायत मेंबर, गुरदेव सिंह मेंबर, BLO दविंदर सिंह खैरा और BLO विजय सिंह का राजीव कुमार मन्नन समेत गांव के बुजुर्गों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और सिरोपा देकर सम्मानित किया। इस मौके पर स्कूल इंचार्ज मैडम सरबजीत कौर और श्रीमती सुखराज कौर भी मौजूद थीं। आखिर में तीनों भाइयों ने इमोशनल होते हुए कहा कि वे अब से एक-दूसरे से मिलते रहेंगे और अपने बच्चों में भी आपसी प्यार बढ़ाएंगे।
Source link

