लुधियाना में बेखौफ लुटेरो की वीडियो: अमन नगर में 2:30 मिनट में 2 लूट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात; पहले साइकिल सवार को लूटा, फिर राहगीर को बनाया शिकार – Ludhiana News
लुधियाना में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पुलिस का खौफ उनमें खत्म होता नजर आ रहा है। ताजा मामला लुधियाना के वार्ड नंबर 1 स्थित अमन नगर इलाके से सामने आया है। यहां बाइक सवार दो बदमाशों ने आतंक मचाते हुए महज 2:30 मिनट के अंदर दो अलग-अलग लोगों को लूट लिया। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों की यह करतूत साफ नजर आ रही है। पहली वारदात: साइकिल सवार को हथियार दिखाया, मिन्नतें करने पर भी नहीं माने
सामने आए वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि दो बाइक सवार बदमाश आते हैं और अपनी बाइक एक साइकिल सवार के आगे लगाकर उसे रोक लेते हैं। बदमाश उसे हथियार दिखाते हैं और डरा-धमका कर उसके पास मौजूद पैसे छीन लेते हैं। वीडियो में पीड़ित साइकिल सवार हाथ जोड़कर बदमाशों से खुद को छोड़ने की मिन्नतें करता नजर आ रहा है। लूटपाट करने के बाद जब बदमाश मुड़कर जाने लगते हैं, तो पीड़ित दोबारा उनके पीछे जाकर अपना मोबाइल वापस करने की गुहार लगाता है। दूसरी वारदात: वापस मुड़ते समय पैदल आ रहे युवक को घेरा, कैश-फोन और कार्ड लूटे बदमाश साइकिल सवार को लूटने के बाद वहां से वापस जाने ही लगते हैं कि तभी रास्ते में पैदल आ रहे एक अन्य युवक पर उनकी नजर पड़ती है। वे तुरंत अपनी बाइक रोककर उसे घेर लेते हैं। बदमाश डरा-धमका कर उस युवक से जो भी है निकाल दे कहते हैं और उसके पास से 5000 रुपये नकद, एक वीवो (Vivo) कंपनी का मोबाइल फोन और जरूरी कार्ड्स लूट कर वहां से फरार हो जाते हैं। परिवार को गुड़गांव ले जाने के लिए स्टेशन से घर लौट रहा था युवक पैदल आ रहे जिस दूसरे युवक को बदमाशों ने अपना शिकार बनाया उसकी पहचान बंटू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बंटू पेशे से एक होजरी सुपरवाइजर है जो हाल ही में कामकाज के सिलसिले में गुड़गांव शिफ्ट हुआ था। वह रेलवे स्टेशन से उतरकर पैदल ही अपने घर जा रहा था। वह लुधियाना अपने परिवार से मिलने और उन्हें अपने साथ गुड़गांव ले जाने के लिए आया था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही अमन नगर में वह बेखौफ लुटेरों का शिकार हो गया।
Source link

