मोहाली में 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत: सुबह कमरे में अचेत मिला था, अस्पताल में मृत घोषित, नशे के ओवरडोज की आशंका – Mohali News
मोहाली जिले के डेराबस्सी क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव खेड़ी गुज्जरां में एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का दुखद मामला सामने आया है। युवक सुबह अपने कमरे में अचेत (बेहोश) अवस्था में मिला था। प्रारंभिक जांच और स्थानीय चर्चाओं में मौत का कारण नशे का ओवरडोज होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। सामाजिक कारणों और संवेदनशीलता के चलते परिवार की पहचान को गोपनीय रखा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक रोजाना की तरह रात को अपने कमरे में सोया था। अगली सुबह जब परिवार के सदस्य उसे जगाने के लिए कमरे में पहुंचे, तो वह अचेत अवस्था में पड़ा था। परिजन आनन-फानन में उसे तुरंत डेराबस्सी के सिविल अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नशे के इंजेक्शन की ओवरडोज की आशंका, पुलिस जांच जारी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि युवक ने रात को अपने किसी साथी के साथ मिलकर नशे का इंजेक्शन लगाया था, और दवा की अधिक मात्रा (ओवरडोज) शरीर में जाने के कारण उसकी जान चली गई। पुलिस ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। गांव में मुनादी के बावजूद सक्रिय हैं तस्कर, ग्रामीणों में भारी रोष इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार लगातार पैर पसार रहा है और युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गांव की पंचायत ने पहले भी गुरुद्वारा साहिब के माध्यम से मुनादी (लाउडस्पीकर पर घोषणा) करवाकर नशा बेचने वालों को सख्त चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद नशा तस्करों की अवैध गतिविधियां धड़ल्ले से जारी हैं। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग इस त्रासदी से भड़के ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन व पुलिस से पुरजोर मांग की है कि क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों और युवाओं को दलदल में धकेलने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तुरंत और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और मां की गोद सूनी न हो और किसी अन्य परिवार को ऐसा घाव न झेलना पड़े।
Source link

