खन्ना में ‘पीला पंजा’ चला, नशेड़ियों-तस्करों के अड्डे ढहाए: पुलिस-नगर कौंसिल की संयुक्त कार्रवाई, DSP बोले- जारी रहेगा अभियान – Khanna News
पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत खन्ना में नशा तस्करों और नशा करने वालों के अड्डों को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई ‘पीला पंजा’ चलाकर की गई। खन्ना के डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के निर्देश पर नशों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस को कुछ वीरान और खाली स्थानों पर नशा करने तथा नशा तस्करों की गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने नगर कौंसिल की टीम के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान वीरान स्थानों पर सफाई अभियान चलाते हुए नशेड़ियों और तस्करों द्वारा बनाए गए अस्थायी ठिकानों को ढहा दिया गया। DSP बोले- आगे भी जारी रहेगा अभियान डीएसपी चीमा ने स्पष्ट किया कि नशे के आदी लोग अक्सर सुनसान जगहों को अपना ठिकाना बना लेते हैं, जिससे वहां गैर-कानूनी गतिविधियों के बढ़ने का खतरा रहता है। इसे रोकने के लिए खन्ना पुलिस ऐसे स्थानों की पहचान कर लगातार कार्रवाई कर रही है। डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा ने कहा कि नशों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को नशे के कारोबार या संबंधित गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि नशों से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
Source link

