जीरकपुर में बंद दुकान से AC वायर चोरी: 15 दिन में दो बार हुई वारदात, लोग बोले- रात तक जमा रहते हैं नशेड़ी – Mohali News
जीरकपुर के मुख्य बाजार में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां स्थित हरमन लेदर स्टोर में 15 दिन के भीतर दूसरी बार चोरी की वारदात हुई है। इस बार चोर दुकान के बाहर लगे एसी की कॉपर वायर काटकर ले गए। दुकान मालिक सोनू ने जानकारी दी कि मंगलवार रात करीब नौ बजे उन्होंने दुकान बंद की थी। अगली सुबह बुधवार को पड़ोसी दुकानदार ने उन्हें फोन कर एसी की तारें कटी होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि चोर एसी के आउटडोर यूनिट से कॉपर वायर चुरा ले गए थे। पहले भी एसी का आउटडोर यूनिट हो गया था चोरी सोनू के मुताबिक, लगभग 15 दिन पहले भी उनकी दुकान की छत पर लगा एसी का आउटडोर यूनिट चोरी हो गया था। पिछले साल भी दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपए का सामान चुराया गया था। दुकान मालिक का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई केवल खानापूर्ति तक ही सीमित रही है। रात तक संदिग्ध लोग और नशेड़ी जमा रहते हैं बाजार के अन्य दुकानदारों का कहना है कि फ्लाईओवर के नीचे देर रात तक संदिग्ध लोग और नशेड़ी जमा रहते हैं। बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारी वर्ग में डर का माहौल है। कई दुकानदार पुलिस के चक्कर लगाने से बचने के लिए शिकायत भी दर्ज नहीं कराते। व्यापारियों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मुख्य बाजार में रात की गश्त बढ़ाई जाए और फ्लाईओवर के नीचे जमा होने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
Source link

