मोहाली में घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ने से कटाव बढ़ा: हाई-वोल्टेज बिजली टावर पर संकट, आपूर्ति ठप होने का खतरा; निरीक्षण की मांग – Mohali News
डेराबस्सी क्षेत्र में घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ने से कटाव तेज हो गया है। अमलाला गांव के पास नदी का बहाव बदलने से हाई-वोल्टेज बिजली टावर और एक पुल पर खतरा मंडरा रहा है। नदी के तेज बहाव ने पहले ही किसानों की कई एकड़ कृषि भूमि को अपनी चपेट में ले लिया है। नदी के लगातार कटाव के कारण क्षेत्र में लगा हाई-वोल्टेज बिजली टावर अब नदी के किनारे से मात्र 25 से 30 फुट की दूरी पर रह गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि कटाव इसी तरह जारी रहा तो टावर की नींव कमजोर होकर वह गिर सकता है। इससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति कई दिनों तक ठप हो सकती है। फसल पानी और कटाव की भेंट चढ़ गई नदी का बहाव और बदलने पर समीप बने पुल को भी खतरा पैदा होने की आशंका है। इस कटाव से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। किसान बचित्तर सिंह की धान की कई एकड़ फसल पानी और कटाव की भेंट चढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में कृषि भूमि का और अधिक नुकसान हो सकता है। नदी के बहाव की दिशा बदल गई थी गांव के पूर्व सरपंच बलिहार सिंह बली और प्रभावित किसानों ने आरोप लगाया कि पहले हुई डी-सिल्टिंग के दौरान नदी के बहाव की दिशा बदल गई थी। इसके कारण पानी सीधे उनके खेतों की ओर आने लगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। मौके का निरीक्षण करने की मांग की ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से तत्काल मौके का निरीक्षण करने की मांग की है। उन्होंने नदी किनारे सुरक्षा कार्य शुरू करने, कटाव रोकने के लिए तटबंध मजबूत करने और बिजली टावर व पुल की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने की अपील की है, ताकि किसी बड़े हादसे और व्यापक नुकसान से बचा जा सके।
Source link

