जालंधर में ट्रक ड्राइवर ने गिराया अंडरब्रिज बैरियर: एक्टिवा सवार की जान बची, नशे में धुत था; लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा – Jalandhar News

जालंधर में ट्रक ड्राइवर ने गिराया अंडरब्रिज बैरियर:  एक्टिवा सवार की जान बची, नशे में धुत था; लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा – Jalandhar News




जालंधर के गाजीगुल्ला अंडरब्रिज के पास एक बड़ा हादसा होने से टल गया। मक्सूदां सब्जी मंडी की तरफ से आ रहे एक ट्रक ड्राइवर ने कथित तौर पर शराब के नशे में सड़क किनारे लगे लोहे के पोल और अंडरब्रिज बैरियर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल उखड़कर वहां से गुजर रही एक एक्टिवा पर जा गिरा। हादसे में एक्टिवा पूरी तरह दब गई, लेकिन गनीमत रही कि सवार व्यक्ति की जान बच गई। स्थानीय लोगों ने मौके से भाग रहे ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रक नंबर HR 38 X 4644 का ड्राइवर लापरवाही से वाहन चला रहा था। आरोप है कि शुक्रवार रात शराब के नशे में होने के कारण वह ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लगाए गए बैरियर से टकरा गया। एक्टिवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त ट्रक की रफ्तार और वजन इतना अधिक था कि वह लोहे के मजबूत पोल को उखाड़ते हुए आगे निकल गया। इसी दौरान जग्गू चौक की ओर से एक व्यक्ति एक्टिवा पर सवार होकर वहां से गुजर रहा था। तभी उखड़ा हुआ भारी पोल सीधे एक्टिवा पर जा गिरा और वाहन पूरी तरह उसके नीचे दब गया। पीड़ित ने बताया कि वह उस समय अकेला था। पोल उसके सिर पर गिरने ही वाला था, लेकिन उसने समय रहते पीछे हटकर अपनी जान बचा ली। भाग रहे ड्राइवर को लोगों ने दबोचा हादसे के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ दूरी पर ही ट्रक को घेरकर रोक लिया। लोगों ने जब ड्राइवर को केबिन से बाहर निकाला तो उसकी हालत देखकर हैरान रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ड्राइवर इतना नशे में था कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और उसके मुंह से लार निकल रही थी। पूछताछ के दौरान ड्राइवर ने लड़खड़ाती आवाज में इतना ही बताया कि वह मक्सूदां सब्जी मंडी से ट्रक लोड करके आ रहा था। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। उनका कहना है कि इतनी व्यस्त सड़क पर इस तरह लापरवाही से वाहन चलाना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। लोगों ने बताया कि अंडरब्रिज के पास पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *