मोगा में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव: पहचान न होने से 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया, उम्र 54-55 साल, दाढ़ी व केस रखे हुए है – Moga News
स्थानीय जीरा रोड पर स्थित एक सूए (नहरनुमा जलधारा) से शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र 50 से 54 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी-1 पुलिस प्रशासन और समाज सेवा सोसायटी मोगा की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सूए के तेज बहाव और गहराई के कारण शव को बाहर निकालने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। समाज सेवा सोसायटी के सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कड़ी मेहनत के बाद शव को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला। शव को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने तुरंत आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। सिख समुदाय से संबंधित होने का अनुमान शुरुआती जांच और हुलिए के आधार पर मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। मृतक ने दाढ़ी और केश रखे हुए हैं, जिससे उनके सिख समुदाय से संबंधित होने का अनुमान लगाया जा रहा है। शव की शिनाख्त सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उसे सिविल अस्पताल मोगा के शवगृह में अगले 72 घंटों के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने शुरू की जांच, समाज सेवा सोसायटी ने की अपील सिटी-1 पुलिस प्रशासन ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और मृतक के वारिसों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस बीच समाज सेवा सोसायटी ने आम जनता से भावुक अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस हुलिए के व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी या सुराग मिले, तो वे तुरंत सिटी-1 पुलिस या संस्था से संपर्क करें ताकि मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।
Source link

