मोगा में ‘माई भारत’ पोर्टल पर युवाओं का पंजीकरण बढ़ेगा: डीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, 15 अगस्त तक चलेगा अभियान – Moga News
मोगा के डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने ‘माई भारत’ केंद्र, मोगा की जिला सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं को ‘माई भारत’ पोर्टल पर पंजीकृत करने के निर्देश दिए। यह पंजीकरण अभियान 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चलाया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर ने सभी सरकारी विभागों, स्कूलों और कॉलेजों को ‘माई भारत’ पोर्टल से जोड़ने तथा युवाओं को इस प्लेटफॉर्म से सक्रिय रूप से जोड़ने के लिए कहा। उन्होंने जोर दिया कि युवाओं को सरकार की युवा-केंद्रित योजनाओं, स्वयंसेवा गतिविधियों, कौशल विकास कार्यक्रमों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसरों का लाभ मिलना चाहिए। युवाओं को अपनी गतिविधियों के लिए देता है अवसर जिला युवा अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने ‘माई भारत’ पोर्टल की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल निर्माण और विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम है। यह प्लेटफॉर्म युवाओं को अपनी प्रतिभा विकसित करने और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी का अवसर प्रदान करता है। युवाओं को जोड़ने के लिए चलाएंगे अभियान डीसी सेतिया ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक इस विशेष अभियान के तहत जिले के प्रत्येक पात्र युवा को ‘माई भारत’ पोर्टल से जोड़ने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि युवा सरकारी योजनाओं और विकासात्मक गतिविधियों का अधिकतम लाभ उठा सकें। बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) कुलप्रीत सिंह, सिविल सर्जन, जिला भाषा अधिकारी डॉ. अजीतपाल सिंह, लीड बैंक मैनेजर रामेश्वर दास, रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव, जिला खेल अधिकारी नवदीप जिंदल, डी.एम. कॉलेज एवं एस.डी. कॉलेज के एनएसएस और एनसीसी प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Source link

