मोगा में कार ने बाइक को मारी टक्कर: हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत, आरोपी ड्राइवर मौके से फरार – Moga News

मोगा में कार ने बाइक को मारी टक्कर:  हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत, आरोपी ड्राइवर मौके से फरार – Moga News




मोगा के बाघापुराना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान खुशप्रीत सिंह (19) निवासी गांव गुरूसर जलाल के रूप में हुई है। खुशप्रीत गांव गिल स्थित एक डेयरी फार्म में कार्यरत था। यह घटना 16 जुलाई को दोपहर लगभग 2:50 बजे बाघापुराना के शिव मंदिर के निकट हुई। शिकायतकर्ता साहिलप्रीत सिंह, जो मृतक खुशप्रीत सिंह का भाई है, ने पुलिस को बताया कि ड्यूटी समाप्त होने के बाद दोनों भाई अपने-अपने मोटरसाइकिलों पर गांव लौट रहे थे। खुशप्रीत सिंह आगे चल रहा था, जबकि साहिलप्रीत उसके पीछे था। युवक की मौके पर मौत साहिलप्रीत के अनुसार, शिव मंदिर के पास पहुंचने पर सामने से आ रही वैगनआर कार (नंबर PB-04-AC-7193) के चालक हरकीरत सिंह उर्फ गुड्डा पुत्र सतनाम सिंह, निवासी रोड़े ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक मोड़ काट दिया। इस लापरवाही के कारण कार सीधे खुशप्रीत सिंह के मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि खुशप्रीत सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। थाना बाघापुराना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी चालक हरकीरत सिंह उर्फ गुड्डा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 281, 106 और 324(2) के तहत मुकदमा नंबर 189 दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *