मुरादाबाद के अमरनाथ यात्री की बाइक उड़ाई: पठानकोट में शराब पिलाकर कमरे का पता पूछने के बहाने बाइक लेकर भागे दो ठग – Pathankot News
उत्तर प्रदेश से अमरनाथ यात्रा के लिए पठानकोट पहुंचे एक यात्री को शराब पिलाकर 2 ठग उसकी बाइक ले उड़े। इससे पहले ठगों ने यात्री को बातों में उलझाकर उसका विश्वास जीता और खुद को भी यात्री बताया। जिसके बाद उन्होंने रात काटने के लिए कमरा ढूंढने का बहाना बनाकर उसे नेश्नल हाइवे पर छोड़ बाइक लेकर रफुचक्कर हो गए। जिसकी शिकायत स्थानीय पुलिस थाना में की गई है। सुजानपुर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद का रहने वाला है युवक
शिकायतकर्ता सिविल लाइंस मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी कपिल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह बीती रात अपनी काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर UP-21-BY-1877 पर अमरनाथ यात्रा के लिए निकला था। शाम करीब 7 बजे वह पठानकोट बस स्टैंड पर पहुंचा। सफर के कारण थकान होने की वजह से वह वहां आराम करने लगा। इसी दौरान वहां दो अज्ञात व्यक्ति आए और उससे बातचीत करने लगे। उन्होंने कपिल से कहा कि वे भी अमरनाथ यात्रा पर जा रहे हैं और तीनों को साथ मिलकर चलना चाहिए। उनकी बातों में आकर कपिल उनके साथ अपनी मोटरसाइकिल पर रवाना हो गया।
शराब पिलाकर झांसे में लिया और बाइक लेकर हुए फरार
रास्ते में तीनों ने मिलकर शराब पी, जिससे कपिल को नशा हो गया। इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल चलाने लगा, कपिल बीच में बैठ गया और दूसरा व्यक्ति पीछे बैठ गया। जब वे सुजानपुर के पास पहुंचे, तो दोनों अज्ञात आरोपी कपिल को एक दुकान के पास रोककर कमरे का पता करने के बहाने गए, लेकिन वे वापस नहीं लौटे। काफी देर इंतजार करने के बाद कपिल को अहसास हुआ कि वे दोनों उसकी मोटरसाइकिल चोरी करके फरार हो चुके हैं।
पुलिस ने मंगलवार रात बीएसॉनएस की धारा 303(2) के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
Source link

