मानसा से चंडीगढ़ पहुंचे किसान: भारत-अमेरिका ट्रेड डील, पेट्रोल-डीजल कीमतों और लैंड पूलिंग नीति के विरोध में प्रदर्शन – Mansa News
भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करवाने, डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को वापस लेने तथा पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति के विरोध में आज पंजाब की दो किसान जत्थेबंदियां, भारतीय किसान यूनियन उगराहां और भारतीय किसान यूनियन डकौंदा (धनेर ग्रुप),चंडीगढ़ में संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। इस धरने में शामिल होने के लिए मानसा जिले से बड़ी संख्या में किसान चंडीगढ़ पहुंचे हैं। किसान नेताओं राम सिंह भैणी बाघा, मख्खन सिंह भैणी बाघा, बलजीत सिंह और जगदेव सिंह ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करना, डीजल और पेट्रोल की लगातार बढ़ रही कीमतों को वापस लेना तथा किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा करना शामिल है। यह प्रदर्शन केंद्र और पंजाब सरकार की नीतियों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद भारत में डीजल और पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। इससे किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। किसान नेता बोले- ट्रेड लागू होने से नुकसान होगा किसान नेताओं का कहना है कि यदि भारत-अमेरिका ट्रेड डील लागू होती है तो छोटे व्यापारियों, किसानों और मजदूरों को भारी नुकसान होगा। उनका आरोप है कि अमेरिका के उत्पाद भारतीय बाजार में सस्ते दामों पर बिकेंगे, जिससे देश के स्थानीय व्यापार और कृषि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब सरकार द्वारा पहले लाई गई लैंड पूलिंग नीति को किसानों के विरोध के बाद वापस ले लिया गया था। हालांकि, अब सरकार दोबारा इस नीति को लागू करने की तैयारी कर रही है, जिसका किसान विरोध कर रहे हैं। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र और पंजाब सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले समय में किसान बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगे।
Source link

