अबोहर में एक्सीडेंट में मामा- भांजा घायल: निर्माणाधीन पुलिया के गड्ढे में गिरी बाइक; निर्माण एजेंसी पर लापरवाही का आरोप – Abohar News
अबोहर क्षेत्र के गांव भागसर और दुतारांवाली के बीच निर्माणाधीन पुलिया के पास गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बाइक लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए निर्माण एजेंसी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। जानकारी के अनुसार, गांव भागसर निवासी धोलूराम अपने भांजे कालूराम पुत्र इंद्रजीत के साथ रात करीब 11 बजे किसी काम से बाइक पर अबोहर आ रहे थे। वे भागसर-दुतारांवाली मार्ग पर जब निर्माणाधीन पुलिया के पास पहुंचे, तो अंधेरे के कारण उन्हें खुदे गड्ढे का आभास नहीं हुआ। नहीं लगाया गया था चेतावनी बोर्ड आरोप है कि निर्माण स्थल पर कोई चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग या रिफ्लेक्टर जैसी सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिस कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे गहरे गड्ढे में गिर गई।हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की सलाह दी गई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण एजेंसी ने सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे, जिससे यह हादसा हुआ। ट्रैक्टर चालक ने पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद दोनों घायल काफी देर तक गड्ढे में पड़े मदद के लिए आवाज लगाते रहे। इसी दौरान खेतों से घर लौट रहे एक ट्रैक्टर चालक की नजर उन पर पड़ी। उसने ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार कालूराम की रीढ़ की हड्डी और कंधे में फ्रैक्चर आया है, जबकि पसलियों में भी गंभीर चोटें हैं। वहीं धोलूराम को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों की हालत को देखते हुए उन्हें उच्च केंद्र रेफर करने की सलाह दी गई है।
Source link

