मानसा में पंजाब गौ सेवा आयोग की बैठक: उपाध्यक्ष कीमती भगत बोले- गौशालाओं को दिए जाएंगे 500 गौधन लिफ्टर, अगले सप्ताह तक पहुंचेगी सुविधा – Mansa News
मानसा में लावारिस और बेसहारा गौवंश की देखभाल सुनिश्चित करने के लिए पंजाब गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत ने एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार गौशालाओं को 3 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 500 गौधन लिफ्टर उपलब्ध कराएगी। ये लिफ्टर अगले सप्ताह तक मानसा जिले की लगभग 30 गौशालाओं में पहुंच जाएंगे। कीमती भगत ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्यभर की गौशालाओं को ये निःशुल्क लिफ्टर प्रदान कर रही है। इन लिफ्टरों का उद्देश्य गौशालाओं में पशुओं की बेहतर देखभाल और प्रबंधन सुनिश्चित करना है। गौशालाओं को पहले ही बिजली बिल माफी का लाभ मिल चुका है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि यदि किसी गौशाला के बिजली बिल माफी से संबंधित मामले लंबित हैं, तो उन्हें तुरंत तैयार कर पशुपालन विभाग के उपनिदेशक के माध्यम से आयोग को भेजा जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इसके अतिरिक्त, गौशालाओं को प्रति गाय प्रतिदिन मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर 61 रुपये कर दिया गया है। सहायता राशि पशु आहार पर खर्च की जाएगी यह राशि चारा, सूखा चारा और अन्य पशु आहार पर खर्च की जाएगी, जिससे गौशालाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और गौवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो सकेगी। कीमती भगत ने नगर परिषदों को निर्देश दिए कि गौ टैक्स से एकत्र की गई राशि का उपयोग सीधे गौशालाओं के विकास और बेसहारा पशुओं के चारे पर ही किया जाए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गौ टैक्स की राशि का उपयोग केवल गौवंश के कल्याण के लिए होना चाहिए। सड़कों पर घूमने वाले और फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले बेसहारा पशुओं को सरकारी और निजी गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए एक विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। उपाध्यक्ष ने यह भी बताया कि जिले में लावारिस गौवंश की सेवा और देखभाल में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को राष्ट्रीय पर्वों पर जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
Source link

