भास्कर अपडेट्स: तमिलनाडु- विजय ने छोटे किसानों का ₹50 हजार तक का लोन माफ किया, 14.22 लाख को फायदा होगा
- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने छोटे किसानों के लिए कोऑपरेटिव बैंकों से लिए गए 50,000 रुपए तक के फसल लोन माफ करने का ऐलान किया है। वहीं बड़े किसानों को भी लोन पर 5,000 रुपए तक की राहत दी जाएगी।
सरकार के मुताबिक इस योजना से करीब 14.22 लाख किसानों को फायदा होगा और राज्य सरकार पर 2,044 करोड़ रुपए से ज्यादा का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। यह फैसला मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद लिया गया।
60 हजार तक के लोन पर 40 हजार रुपए, 70 हजार तक पर 30 हजार रुपए, 80 हजार तक पर 20 हजार रुपए और 1 लाख तक के लोन पर 10 हजार रुपए की राहत मिलेगी। 1 लाख रुपए से ज्यादा के लोन वालों को 5,000 रुपए की छूट दी जाएगी।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
महिला आरक्षण प्रदर्शन मामले में कांग्रेस की अलका लांबा दोषी करार, 4 जून को सजा का ऐलान होगा

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने महिला आरक्षण से जुड़े विरोध प्रदर्शन मामले में कांग्रेस की पूर्व विधायक अलका लांबा को दोषी करार दिया है। यह मामला साल 2024 में जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन से संबंधित है। अदालत ने सजा पर सुनवाई के लिए 4 जून की तारीख निर्धारित की है।
पुलिस ने आरोप लगाया था कि प्रदर्शन बिना अनुमति आयोजित किया गया, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई। इसी मामले में अलका लांबा समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई थी।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि अदालत ने किन धाराओं में दोषसिद्धि की है और उन्हें कितनी सजा सुनाई जा सकती है। वहीं, लांबा ने कहा, मैं सजा से डरने वाली नहीं हूं। महिला सुरक्षा का मुद्दा पूरे देश से जुड़ा हुआ है और मैं आगे भी आवाज उठाती रहूंगी।
केजरीवाल, सिसोदिया और दुर्गेश सुनवाई को तैयार हुए

दिल्ली आबकारी घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया और आम आदमी पार्टी के नेता दुर्गेश पाठक अब अदालत की सुनवाई में शामिल होने के लिए तैयार हो गए हैं।
मामले की सुनवाई पहले जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच के समक्ष चल रही थी, लेकिन उनके हटने के बाद अब यह मामला जस्टिस मनोज जैन की बेंच में स्थानांतरित किया गया है। नए समन जारी होने के बाद तीनों नेताओं ने अदालत में पेश होने पर सहमति जताई है।
बंगाल में होल्डिंग सेंटर बनते ही 11 बांग्लादेशी पकड़े गए, 30 दिन में डिपोर्ट करेंगे

पश्चिम बंगाल में गैर-कानूनी तरीके से रह रहे अवैध बांग्लादेशी नागरिकों और रोहिंग्याओं को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नवान्न की ओर से जिलों को होल्डिंग सेंटर बनाने का निर्देश जारी होने के कुछ ही समय बाद सोमवार को 11 कथित अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को ऐसे सेंटर में रखा गया है।
राज्य सरकार के सूत्रों के मुताबिक, इनमें 9 लोगों (महिलाएं व बच्चे शामिल) को मालदा और 2 को मुर्शिदाबाद से बिना वैध दस्तावेजों के पकड़ा गया। इन्हें पहचान सत्यापन और डिपोर्टेशन प्रक्रिया पूरी होने तक होल्डिंग सेंटर में रखा जाएगा। सूत्रों का कहना है कि ऐसे लोगों को अधिकतम 30 दिनों के भीतर डिपोर्ट करने की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
दिल्ली में चौकीदार की SUV कार से कुचलकर हत्या, आरोपियों ने गाड़ी की नंबर प्लेट हटा दी थी

दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में 60 साल के चौकीदार की SUV से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक यह हमला पुरानी कहासुनी के कारण किया गया और आरोपियों ने गाड़ी की नंबर प्लेट भी हटा दी थी।
CCTV फुटेज में आरोपी पहले चौकीदार को डंडे से पीटते और फिर कई बार गाड़ी चढ़ाते दिखे। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
नागपुर में 4500 रुपए के विवाद में बड़े भाई ने की छोटे का मर्डर किया

नागपुर में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर 4500 रुपये गायब होने के विवाद में अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। दोनों भाई एक ही घर में परिवार के साथ रहते थे।
पुलिस के अनुसार बहस बढ़ने पर आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसके भाई की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दिल्ली में सेप्टिक टैंक साफ करते समय मजदूर की मौत

दिल्ली के न्यू अशोक नगर में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस के मुताबिक दोनों मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतारा गया था। मामले में ठेकेदार और मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है।
नागपुर में बुजुर्ग महिला और बेटी घर में मृत मिलीं

नागपुर के हिवरी नगर इलाके में 70 साल की महिला और उनकी 40 साल की बेटी अपने घर में मृत मिलीं। पड़ोसियों ने घर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों के शव बरामद हुए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मां-बेटी कई सालों से गरीबी में रह रही थीं और सिख समुदाय उनकी मदद करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार शुरू कर दिया है।


