छठी पातशाही के दर पहुंचा नगर कीर्तन, जयकारे लगे, संगत की पलकें श्रद्धा से झुकीं – Jalandhar News

छठी पातशाही के दर पहुंचा नगर कीर्तन, जयकारे लगे, संगत की पलकें श्रद्धा से झुकीं – Jalandhar News




भास्कर न्यूज | जालंधर श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब, तरन तारन से सजाया गया विशाल एवं अलौकिक नगर कीर्तन जालंधर के ऐतिहासिक स्थल गुरुद्वारा छठी पातशाही, बस्ती शेख पहुंचने पर अगाध श्रद्धा और भव्यता के साथ स्वागत किया गया। सोढ़ी दशमेश तरना दल के मुखी सिंह साहिब बाबा मेजर सिंह और कार सेवा संप्रदाय सरहाली साहिब के संत बाबा सुक्खा सिंह के मार्गदर्शन में सजे इस नगर कीर्तन की शुरुआत 23 जून को हुई थी। सुंदर पालकी साहिब में सुशोभित श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंज प्यारों के नेतृत्व में यह नगर कीर्तन पंजाब के विभिन्न शहरों से होता हुआ 25 जून की रात श्री आनंदपुर साहिब पहुंचा। शुक्रवार की सुबह अरदास के बाद यह नगर कीर्तन गढ़शंकर, बंगा और फगवाड़ा होते हुए जैसे ही जालंधर के बस्ती शेख क्षेत्र में प्रविष्ट हुआ, पूरी फिजा गुरु रामदास के जयकारों से गूंज उठी। भाव-विभोर संगत ने पालकी साहिब पर भारी फूलों की वर्षा कर और गुरबाणी की मधुर धुनों से गुरु साहिब की महिमा का गुणगान किया। यहां बेअंत सिंह सरहद्दी भी मौजूद रहे। नगर कीर्तन के संचालन की कमान गुरु गोविंद सिंह गतका स्पोर्ट्स क्लब के भाई अमृतपाल सिंह संभाल रहे थे। प्रचार सचिव परमजीत सिंह नैना ने बताया कि नगर कीर्तन में सबसे आगे नगाड़े की थाप और गतका अखाड़े के सिंह पारंपरिक युद्ध कला का हैरतअंगेज प्रदर्शन कर रहे थे, जो संगत के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। गुरुद्वारा साहिब पहुंचने पर प्रबंधक कमेटी की ओर से दूर-दराज से आई संगत की सेवा के लिए ठंडे-मीठे जल की छबील लगाई गई और गुरु का अटूट लंगर बरताया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *