बेंगलुरु में ट्रिपल मर्डर, माता-पिता और बेटी की हत्या: बड़ी बेटी और उसका बॉयफ्रेंड फरार; दोनों से मिलने फ्लैट में पहुंचा था परिवार, वहीं शव मिले
बेंगलुरु में सोमवार को दो अलग-अलग वारदातों में 4 लोगों की हत्या कर दी गई। एक मामले में एक ही परिवार के तीन लोगों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों में पति, पत्नी और बेटी शामिल हैं। दूसरे मामले में PG मालिक की पीट-पीटकर जान ले ली गई। अब दोनों मामले पढ़िए… घटना 1: बड़ी बेटी और बॉयफ्रेंड पर परिवार की हत्या का शक बेंगलुरु के केआर पुरम स्थित एक अपार्टमेंट में सोमवार शाम 3 लोगों के शव मिले। तीनों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 52 साल के सोमसुंदर, उनकी पत्नी 48 साल की मुथुलक्ष्मी और 19 साल की बेटी सुप्रिया के रूप में हुई है। पुलिस को शक है कि परिवार की बड़ी बेटी और उसके बॉयफ्रेंड ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बड़ी बेटी पिछले दो महीने से अपने बॉयफ्रेंड के साथ अलग फ्लैट में रह रही थी। बेटी से मिलने उसके बॉयफ्रेंड के अपार्टमेंट गए थे माता-पिता पुलिस का मानना है कि परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। सोमवार शाम माता-पिता और छोटी बेटी उस फ्लैट पर पहुंचे, जहां बड़ी बेटी और उसका बॉयफ्रेंड रह रहे थे। इसी दौरान विवाद हुआ और तीनों पर कई बार चाकू से हमला किया गया। वारदात के बाद बड़ी बेटी और उसका बॉयफ्रेंड फरार हैं। पुलिस ने दोनों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी। घटना 2: कॉलेज छात्रों ने PG मालिक की बैट से पीटकर हत्या की इधर बेंगलुरु में एक मामूली विवाद के बाद PG (पेइंग गेस्ट) मालिक की बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो कॉलेज छात्रों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान 37 साल के माधव माटले के रूप में हुई है। घटना सोमवार शाम करीब 6:30 बजे कस्तूरीनगर मेन रोड स्थित उनके PG के बाहर हुई। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, राकेश और डॉन ब्राइट सन नाम के दो युवक PG कैंपस में लगे नल के पानी से अपने पैर धो रहे थे। PG मालिक ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। शराब के नशे में थे आरोपी, दोनों गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी उस PG में नहीं रहते थे और घटना के समय शराब के नशे में थे। बहस के दौरान माधव माटले एक बैट लेकर आए। आरोप है कि दोनों युवकों ने बैट छीन लिया और उसी से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल माटले की बाद में मौत हो गई। राममूर्ति नगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश BCom फाइनल ईयर का छात्र और डॉन ब्राइट सन BBA फर्स्ट ईयर का छात्र है।
Source link

