बरनाला में पीआरटीसी बस से कुचलकर व्यक्ति की मौत: चालक पर लापरवाही का केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी – Barnala News
बरनाला जिले के अंतर्गत आते बाजाखाना रोड पर पखो कैंचियों के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यहाँ एक तेज रफ्तार पीआरटीसी (PRTC) बस ने मोटरसाइकिल/राहगीर व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना
.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चरना राम पुत्र महंगा राम निवासी गांव भगतपुरा मौर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, चरना राम शुक्रवार को किसी जरूरी काम के सिलसिले में और अपनी दवाई लेने के लिए भदौड़ जा रहा था। जैसे ही वह बाजाखाना रोड पर स्थित पखो कैंचियों के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक पीआरटीसी बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि गंभीर चोटें आने के कारण चरना राम की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की भनक लगते ही थाना शेहणा की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल बरनाला भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को वारिसों के हवाले कर दिया गया।
भाई के बयान पर बस ड्राइवर पर केस दर्ज
थाना शेहणा के एएसआई (ASI) बलदेव सिंह ने बताया कि मृतक के भाई धरमा राम के बयानों के आधार पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने पीआरटीसी बस के चालक बिंदर सिंह (निवासी जंगियाना) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है< हादसे के सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। आरोपी चालक को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

