फिरोजपुर पंचायत चुनाव में नामांकन के दौरान फायरिंग: गोली लगने से एक युवक घायल; समाजसेवी सेखों और कांग्रेस वर्करों में झड़प – Fazilka News
फिरोजपुर के कस्बा ममदोट में नगर पंचायत चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय हिंसक हो गया, जब समाजसेवी गुरप्रीत सेखों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई, फिर हाथापाई और हंगामा शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि गोलीबारी तक हो गई, जिसमें एक युवक के घायल होने की खबर है। ममदोट में नगर पंचायत चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। नामांकन केंद्र के बाहर समाजसेवी गुरप्रीत सेखों और कांग्रेस समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई । जो कुछ ही मिनटों में हंगामे और झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। समाजसेवी गुरप्रीत सिंह सेखों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुलेआम गुंडागर्दी की और नामांकन केंद्र के बाहर भीड़ इकट्ठी करके उनके समर्थकों को परेशान करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पुलिस माहौल को शांत बनाए रखने का प्रयास कर रही थी । लेकिन कांग्रेस ने जानबूझकर स्थिति को खराब किया। दूसरी ओर कांग्रेस नेता आशु बांगड़ ने दावा किया कि समाजसेवी गुरप्रीत सेखों ने गुंडों की मदद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला करवाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और फायरिंग भी की गई। बांगड़ ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवारों और समर्थकों को नामांकन दाखिल करने से रोकने की कोशिश की जा रही थी। फायरिंग में घायल हुए युवक ने दावा किया कि उस पर जान से मारने की नीयत से खुलेआम गोलियां चलाई गईं। घायल को पहले सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से बाद में उसे फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस का कहना है कि माहौल खराब करने और गुंडागर्दी करने वाले व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनावों के दौरान किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
Source link

