फाजिल्का में चोरी से परेशान ग्रामीणों का हंगामा: थाने के बाहर धरना, सुनवाई न होने पर पंजाब-राजस्थान हाईवे किया जाम – Fazilka News
फाजिल्का जिले के थाना खुईखेड़ा क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीण चोरी की बढ़ती घटनाओं से परेशान होकर गुरुवार को थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनके खेतों से लगातार मोटरें और बिजली ट्रांसफार्मर चोरी किए जा रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने पहले थाना परिसर के मुख्य गेट के सामने धरना दिया और बाद में सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए अबोहर-फाजिल्का, पंजाब-राजस्थान हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। गांव कबूलशाह खुब्बन के सरपंच बलवीर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खेतों में लगी मोटरें और ट्रांसफार्मर चोरों के निशाने पर हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कई बार पुलिस को शिकायतें दे चुके हैं और कुछ मामलों में चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। सरपंच बोले- चोरी का सामान खरीदने वाले लोग भी बराबर के दोषी सरपंच ने आरोप लगाया कि चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले लोग भी बराबर के दोषी हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में गांव कबूलशाह खुब्बन, आजमवाला, खिप्पावाली, रामकोट और हीरावाली के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। रिटायर्ड एसडीओ पीएसपीसीएल बलदेव सिंह ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई मामलों में चोरों की पहचान होने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उधर, थाना खुईखेड़ा में तैनात मुख्य मुंशी हरजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस अब तक चोरी के मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को सामान्य बनाने के प्रयास में जुटे हैं।
Source link

