फरीदकोट में कर्मचारियों ने मंत्री बलजीत कौर का आवास घेरा: मांगों की अनदेखी का लगाया आरोप; 17 जुलाई को चंडीगढ़ में महारैली का ऐलान – Faridkot News
फरीदकोट में सांझा मुलाजिम मंच पंजाब और पंजाब मुलाजिम एवं पेंशनर्स सांझा फ्रंट की तालमेल कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के कर्मचारियों और पेंशनरों ने कैबिनेट मंत्री एवं कैबिनेट सब कमेटी की सदस्य डॉ. बलजीत कौर के रॉयल सिटी स्थित आवास के निकट विशाल रोष रैली आयोजित की। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार और डॉ. बलजीत कौर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग रखी। धरने को संबोधित करते हुए विभिन्न कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों की लगातार अनदेखी की है। नेताओं ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) देने के बजाय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में उनके खिलाफ दलीलें देकर डीए को केंद्रीय पैटर्न से अलग करने का प्रयास किया, जो कर्मचारी विरोधी कदम है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि डॉ. बलजीत कौर ने सरकार की कर्मचारी विरोधी रिपोर्ट पर हस्ताक्षर कर कर्मचारियों और पेंशनरों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। चंडीगढ़ में रैली का ऐलान कर्मचारी नेताओं ने 17 जुलाई को चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित अनाज मंडी में महारैली करने का भी ऐलान किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि के रूप में धरना स्थल पर पहुंचे विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने ज्ञापन प्राप्त किया। क्या है प्रदर्शनकारियों की मांगें
Source link

