पठानकोट में प्रतिबंधित क्षेत्र तक अवैध प्लॉटिंग: बिना प्रशासन के मंजूरी कट रहीं कॉलोनियां; सुरक्षा पर उठे सवाल – Pathankot News
पठानकोट जिले में अवैध कॉलोनियों का धंधा बड़े पैमाने पर फैल रहा है। नगर निगम की मंजूरी और आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के बिना शहर के अंदरूनी और बाहरी हिस्सों में कॉलोनियां काटी जा रही हैं। यह गतिविधियां विशेष रूप से लमिनी विधानसभा क्षेत्र और सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील एम्युनिशन डिपो के आसपास के प्रतिबंधित इलाकों में हो रही हैं। प्रशासन और नगर निगम की कथित लापरवाही का फायदा उठाकर कुछ प्रभावशाली कॉलोनाइजर बिना किसी सरकारी अनुमति और नक्शे के यह काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ साल पहले इसी एम्युनिशन डिपो में भीषण आग और धमाकों के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। आग के घटना के बाद लोगों ने छोड़ा था घर उस समय सुरक्षा कारणों से प्रशासन को आसपास के पूरे गांव को रातों-रात खाली कराने के आदेश देने पड़े थे, जिससे लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए थे। इस गंभीर घटना से सबक सीखने के बजाय, मुनाफाखोर कॉलोनाइजर लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। गोला-बारूद डिपो के निर्धारित क्षेत्र में किसी भी प्रकार के पक्के निर्माण पर कानूनी रोक है, फिर भी यहां खुलेआम प्लॉटिंग की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पठानकोट के लमिनी विधानसभा क्षेत्र में इस समय बिना किसी कानूनी अनुमति के एक बड़ी कॉलोनी काटी जा रही है। इस कॉलोनी को तैयार करने के लिए नगर निगम से न तो कोई लेआउट प्लान पास कराया गया है और न ही आवश्यक सरकारी शुल्क जमा किया गया है।
Source link

