पठानकोट में पावरकॉम कर्मचारियों का प्रदर्शन: शाहपुरकंडी में लंबित मांगों को लेकर की नारेबाजी; प्रबंधन के खिलाफ जताया रोष – Pathankot News
पठानकोट के शाहपुरकंडी में ‘एम्प्लॉइज फेडरेशन पंजाब राज्य बिजली बोर्ड’ के बैनर तले पावरकॉम कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर पंजाब सरकार और पावरकॉम प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मांगों की अनदेखी से नाराज कर्मचारियों ने वर्कशॉप से लेकर सर्कल कार्यालय और आरआई कार्यालय तक जोरदार रोष मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे फेडरेशन के प्रदेश सचिव कपिल देव ने सरकार और पावरकॉम प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। प्रदेश सचिव कपिल देव ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को लेकर सरकार और प्रबंधन के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, जिनमें सहमति भी बन गई थी। हालांकि लंबे समय बाद भी इन फैसलों को धरातल पर लागू नहीं किया गया। सरकार केवल खोखले आश्वासन देकर कर्मचारियों को टाल रही है, जिसके कारण आज हमें मजबूरी में आंदोलन की राह चुननी पड़ी है। उग्र आंदोलन की दी चेतावनी सर्कल सचिव निशांत शर्मा ने बताया कि इससे पहले भी कर्मचारी 2 दिन की सामूहिक छुट्टी लेकर शांतिपूर्ण धरना दे चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। इसी उपेक्षा के विरोध में अब दोबारा 2 दिन की सामूहिक हड़ताल शुरू की गई है। कर्मचारी नेताओं ने दोटूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस बार भी पंजाब सरकार और पावरकॉम प्रबंधन ने उनकी जायज मांगों का स्थायी समाधान नहीं निकाला, तो स्टेट बॉडी (प्रांतीय कमेटी) के अगले निर्देशों के तहत आंदोलन को और उग्र व तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
Source link

