पठानकोट के जैनपुर में नाला निर्माण पर बवाल: ग्रामीणों ने किया विरोध; पुलिस सुरक्षा में शुरू हुआ काम, प्रशासन अड़ा – Pathankot News
पठानकोट के गांव जैनपुर में नाला निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। एक ओर ग्रामीण पंचायत और प्रशासन पर उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज कर जबरन खुला नाला बनाने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं पंचायत और प्रशासन का कहना है कि यह कार्य सरकारी योजना के तहत गांव के विकास और जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए किया जा रहा है। विवाद बढ़ने के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पुलिस सुरक्षा के बीच निर्माण कार्य शुरू करवाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब दो वर्ष पहले गांव में भूमिगत सीवरेज लाइन बिछाने के लिए पाइपें लाई गई थीं, लेकिन अब उन पाइपों का उपयोग नहीं किया जा रहा और उनकी जमीन व घरों के सामने से खुला नाला निकाला जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इससे गंदगी, बदबू और बीमारियों का खतरा बढ़ेगा। उन्होंने प्रशासन से खुले नाले की बजाय भूमिगत सीवरेज व्यवस्था लागू करने की मांग की है। कुछ महिलाओं ने पंचायत पर चुनाव के दौरान धांधली और विकास कार्यों में भेदभाव करने के आरोप भी लगाए हैं। सरपंच बोले- सभी आरोप निराधार दूसरी ओर सरपंच ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए 6 लाख रुपये की सरकारी ग्रांट मंजूर हुई है। पंचायत गांव के पानी की निकासी अपनी जमीन के रास्ते करना चाहती है, जिससे पूरे गांव को लाभ मिलेगा। सरपंच के मुताबिक केवल चार-पांच परिवार निर्माण कार्य का विरोध कर रहे हैं और कई बार सरकारी जेसीबी मशीन को काम करने से रोक चुके हैं। उनका कहना है कि विवाद के कारण पुलिस सुरक्षा में काम करवाना पड़ रहा है। मौके पर पहुंचे संबंधित विभाग के अधिकारी ने भी स्पष्ट किया कि गांव में जल निकासी की गंभीर समस्या को देखते हुए सरकार के नियमों और निर्देशों के अनुसार निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल इसलिए विरोध कर रहे हैं। क्योंकि नाला उनके घरों के सामने से गुजर रहा है, जबकि पूरे गांव के गंदे पानी को आगे बने छप्पड़ तक पहुंचाना जरूरी है। फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल तैनात है और प्रशासन की निगरानी में निर्माण कार्य जारी है।
Source link

