पटियाला में आउटसोर्स कर्मचारियों का हल्ला बोल: PSPCL मुख्यालय के बाहर दिया धरना; आंदोलन तेज करने की चेतावनी – Patiala News
पटियाला में पावरकॉम कर्मियों का प्रदर्शन।
पटियाला में पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन (PSPCL) मुख्यालय के बाहर आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदर्शन मंगलवार को आठवें दिन भी जारी रहा। पावरकॉम-ट्रांसको आउटसोर्स वर्कर यूनियन (AITUC) पंजाब ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन तेज
.
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष हरविंदर शर्मा ने बताया कि 24 मई को बिजली मंत्री तरनप्रीत सिंह सौंध, PSPCL के CMD और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई थी। इसमें 15 जून तक कर्मचारियों का डेटा सत्यापित कर नोटिफिकेशन जारी करने और CHB नीति के तहत विभाग में मर्ज करने का आश्वासन दिया गया था। शर्मा ने आरोप लगाया कि तय समय सीमा बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी के चलते कर्मचारियों ने 16 जून से दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया।
वित्त मंत्री चीमा से हो चुकी बैठक
22 जून को वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, CMD और अन्य अधिकारियों के साथ लगभग 6 घंटे चली एक और बैठक भी बेनतीजा रही। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि भले ही कुछ संगठन समझौता करके आंदोलन से अलग हो गए हों, पावरकॉम-ट्रांसको आउटसोर्स वर्कर यूनियन (AITUC) और उसके सहयोगी संगठन अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक CHB नीति लागू कर नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जाता और कर्मचारियों को न्याय नहीं मिलता, तब तक धरना और आंदोलन जारी रहेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार और PSPCL प्रबंधन की होगी।
बिजली मीटर रीडिंग कर्मी भी हड़ताल में शामिल
पंजाब में बिजली मीटर रीडिंग का काम करने वाले कर्मचारी भी कई दिनों से हड़ताल पर हैं। इसके कारण बिजली के बिल बांटने का काम प्रभावित हुआ है। पावरकॉम ने 5000 रुपये से अधिक के सभी बिल घर-घर जाकर वितरित करने और शेष बिलों को ऑनलाइन माध्यम से भेजने का निर्णय लिया है। मीटर रीडर भी पटियाला में अपना प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं। उनका आरोप है कि उन्हें बहुत कम वेतन दिया जा रहा है, जिससे उनका शोषण हो रहा है।

