पंजाब सरकार ने सफाई कर्मचारियों का वेतन दोगुना किया: मोगा में विधायक ने विरोधियों पर गुमराह करने का लगाया आरोप – Moga News
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने राज्य के सफाई सेवकों और सीवरमैनों को बड़ा तोहफा देते हुए उनके मानदेय (वेतन) में लगभग दोगुनी बढ़ोतरी करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। शुक्रवार को आयोजित एक विशेष प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए हलका निहाल सिंह वाला के विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर ने सरकार के इस कदम को शोषित व मेहनतकश वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण बताया। विधायक बिलासपुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के कुशल नेतृत्व में सरकार ने लंबे समय से लटकी आ रही इन जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने हमेशा सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी की, लेकिन ‘आप’ सरकार ने उनके संघर्ष को समझा और उन्हें आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान की है। वेतन वृद्धि से जीवन स्तर में आएगा सुधार प्रेस वार्ता के दौरान विधायक ने इस फैसले के प्रमुख पहलुओं को उजागर किया। उन्होंने कहा कि इससे वेतन दोगुना होने से हजारों सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों के परिवारों की आर्थिक तंगी दूर होगी और उनके जीवन स्तर में अभूतपूर्व सुधार आएगा। केवल वेतन वृद्धि ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण, सुरक्षा उपकरण और अन्य सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। कर्मचारी संगठनों व यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ कई दौर की बैठकों के बाद ही इन मांगों को सर्वसम्मति से लागू किया गया है। स्वच्छ पंजाब के निर्माण में योगदान जारी रखने की अपील विधायक बिलासपुर ने कहा कि मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लिनिक और शिक्षा-स्वास्थ्य सुधारों के बाद अब मेहनतकश वर्ग के मान-सम्मान की रक्षा सरकार का मुख्य लक्ष्य है। अंत में उन्होंने सफाई सेवकों से अपील की कि वे पंजाब को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में अपना अमूल्य योगदान इसी निष्ठा के साथ जारी रखें। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष बरिंदर कुमार, मार्केट कमेटी निहाल सिंह वाला के चेयरमैन अमृतपाल सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Source link
