कांग्रेस एससी विंग ने नियुक्ति पत्र समारोह आयोजित किया: मलेरकोटला में पार्टी को ज़मीनी स्तर पर मज़बूत करने का लिया संकल्प – Malerkotla News
आगामी राजनीतिक चुनौतियों के मद्देनज़र कांग्रेस पार्टी ने संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने के लिए अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस एससी विंग द्वारा एक विशेष नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान नए पदाधिकारियों को ज़िम्मेदारियां सौंपते हुए संगठन को हर गांव और वार्ड स्तर पर एकजुट करने का आह्वान किया गया। समारोह में कांग्रेस एससी विंग के राष्ट्रीय समन्वयक सुधीर चौधरी और एससी विंग पंजाब के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह लक्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और उन्हें पार्टी की विचारधारा व नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। इनको मिली जिम्मेदारी इस दौरान कैप्टन हरबंस सिंह माणकमाजरा, केबल सिंह बाठ, परमिंदर सिंह माणकहेड़ी, कैप्टन दलजीत सिंह माणकहेड़ी, हरजीत सिंह मदेवी, निर्मल सिंह कंगणवाल, अजय कुमार मालेरकोटला और कुलवंत सिंह कुप्प कलां को महत्वपूर्ण पदों के नियुक्ति पत्र सौंपे गए। ‘राहुल गांधी के संदेश और जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर पहुंचाएंगे’ समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा से दलितों, पिछड़ों और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा करने का रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे जनहितैषी अभियानों और सामाजिक न्याय की नीतियों से अवगत कराया। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे संगठन की मजबूती के लिए दिन-रात एक करेंगे और पार्टी के झंडे को बुलंद रखेंगे। कार्यक्रम के समापन पर ज़िला अध्यक्ष सुखविंदर सिंह और अमरगढ़ के ब्लॉक अध्यक्ष परमिंदर सिंह ने पहुंचे हुए सभी अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।
Source link
