पंजाब- एयर इंडिया फ्लाइट एक सफर में दो बार फंसी: पहले तकनीकी खराबी से 15 मिनट बाद दिल्ली लौटी, फिर बारिश से पहली बार में नहीं हुई लैंडिंग – Ludhiana News
दिल्ली से हलवारा जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-481 शनिवार को एक ही यात्रा में दो बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पहले उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद विमान में तकनीकी खराबी का संकेत मिलने पर उसे एहतियात के तौर पर दिल्ली वापस लाना पड़ा। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से हलवारा भेजा गया, लेकिन यहां पर बारिश के कारण पहली कोशिश में विमान की लैंडिंग नहीं हो सकी। हालांकि पायलट की सतर्कता और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए दूसरी कोशिश में विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। इस दौरान तकनीकी खराबी और खराब मौसम के कारण यात्रियों में चिंता और घबराहट का माहौल बना रहा। उड़ान भरने के 15 मिनट बाद तकनीकी खराबी जानकारी के अनुसार, विमान ने तय समय पर दिल्ली से उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद तकनीकी खराबी का संकेत मिला। सुरक्षा को देखते देते हुए पायलट ने विमान को वापस दिल्ली ले जाने का फैसला किया। सुबह करीब 7 बजे विमान सुरक्षित वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। इसके बाद एयर इंडिया की तकनीकी टीम ने विमान की जांच की। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें दूसरे विमान में रवाना किया गया। सुबह करीब 9 बजे फ्लाइट AI-481 को दोबारा हलवारा के लिए रवाना किया गया। हालांकि मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। जब विमान हलवारा एयरपोर्ट के करीब पहुंचा, तो यहां तेज बारिश, आंधी के कारण पहली बार लैंडिंग नहीं हो सकी। पायलट ने जोखिम लेने की बजाय विमान को कुछ समय तक हवा में नियंत्रित रखा और मौसम की स्थिति का आकलन किया। विमान ने हलवारा के आसमान में दो चक्कर लगाए, जिसके बाद दूसरी बार लैंडिंग का प्रयास किया गया। दूसरे प्रयास में विमान को सुरक्षित रूप से हलवारा एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। इस दौरान विमान में सवार यात्रियों में चिंता और घबराहट का माहौल बना रहा। पहले तकनीकी खराबी और फिर खराब मौसम के कारण लैंडिंग में आई रुकावट से यात्रियों की धड़कनें तेज हो गई थीं। यात्री बोले- पहली बार विमान उतर नहीं सका फ्लाइट में यात्रा कर रहे एक यात्री ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते विमान को वापस दिल्ली लाया गया था। बाद में दूसरे विमान से हलवारा भेजा गया, लेकिन खराब मौसम के कारण पहली बार विमान उतर नहीं सका। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं से यात्री चिंतित थे, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग होने के बाद सभी ने राहत महसूस की।
Source link

