दो दिन पहले ही 98 लाख से बनाई गई गुरु नानक नगर-सुखदेव नगर रोड उखड़ने लगी – Ludhiana News
नगर निगम के अधीन आते वार्ड नंबर-20 के गुरु नानक नगर और सुखदेव नगर के बीच घटिया क्वालिटी की सड़कें बनाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस सड़क को निगम ने करीब 98 लाख रुपए की लागत से दो दिन पहले ही बनवाया और सड़क बनने के बाद ये हाथों से ही उखड़ना शुरू हो चुकी है, जो आगामी दिनों में शुरू होने वाले मानसून के दिनों में टिकेगी नहीं। निगम ने इलाके में करीब 2 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण करवाया है और ये 27 फीट चौड़ी बनाई जानी थी, जो तय नियमों अनुसार उतने साइज में भी न बनने के आरोप में आ चुकी है। इस सड़क के बनने के तुरंत बाद उखड़ने को लेकर इलाका निवासियों ने विरोध भी किया और इसकी शिकायत नगर निगम कमिश्नर को करने की बात कही है। वहीं, इसकी जांच उच्च स्तरीय करवाते हुए जिम्मेदार नगर निगम के अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई करने और घटिया क्वालिटी से काम करने वाले कॉन्ट्रेक्टर को ब्लैकलिस्ट करते हुए उस पर भी कानूनी कार्रवाई करने की मांग रखी है। बारिश में नहीं टिक पाएंगी ऐसी सड़कें ऐसा लगता है कि सड़क निर्माण में नरम बिटुमेन (संभवतः वीजी-10) का उपयोग किया गया है। आमतौर पर अधिक तापमान और भारी ट्रैफिक वाले इलाकों में वीजी-40 ग्रेड बिटुमेन ज्यादा उपयुक्त माना जाता है, क्योंकि यह ज्यादा मजबूती और टिकाऊपन देता है। मजबूती के लिए मिश्रण में लगभग 2% हाइड्रेटेड लाइम का प्रयोग नमी से बचाव और एग्रीगेट के साथ बेहतर पकड़ हेतु आवश्यक है। निर्माण की वास्तविक गुणवत्ता जॉब मिक्स फॉर्मूला (जेएमएफ), गुणवत्ता रिकॉर्ड और लैब परीक्षण से ही स्पष्ट हो सकती है। सड़क का टिकाऊपन निर्माण प्रक्रिया पर भी निर्भर है; यदि पुरानी सतह की ठीक से सफाई न हो या टैक कोट सही न लगाया जाए, तो परतों के बीच पकड़ कमजोर हो जाती है।
Source link

