तरनतारन पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई: आठ आरोपी गिरफ्तार; हेरोइन, नशीली गोलियां, अवैध शराब और पिस्टल बरामद – tarn-taran News
पंजाब सरकार के ‘ड्रग्स के खिलाफ जंग’ अभियान के तहत तरनतारन पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने हेरोइन, नशीली गोलियां, अवैध शराब, एक .30 बोर पिस्टल, मैगज़ीन और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। थाना सिटी तरनतारन के एएसआई निर्मल सिंह ने गश्त के दौरान कुंभकरण चौक से मुरादपुरा निवासी मलकीत कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से 42 नशीली गोलियां बरामद हुईं। वहीं, गोइंदवाल थाने की इंस्पेक्टर बलजीत कौर ने खडूर साहिब के श्मशान घाट के टैंक के पास कार्रवाई करते हुए अर्शदीप सिंह और सज्जन सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन और 450 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। सदर पट्टी थाने में अवैध शराब बरामद सदर पट्टी थाने के एएसआई हरपाल सिंह ने वरनाला निवासी बलजीत सिंह को 34 ग्राम हेरोइन और 1050 मिलीलीटर अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया। इस मामले में एक अन्य आरोपी गुरमीत सिंह अभी फरार है। खेमकरण थाने की टीम ने रत्तोके पुल के पास से रमनदीप सिंह को 8 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। इसके अलावा वैरोंवाल और गोइंदवाल थाना पुलिस ने तीन लोगों को नशीले पदार्थ का सेवन करते हुए गिरफ्तार किया। दूसरी ओर, सरहाली थाने के एएसआई रशपाल सिंह ने बिक्रमजीत सिंह के कब्जे से एक .30 बोर पिस्टल, एक मैगज़ीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए। एक अन्य कार्रवाई में एएसआई नरिंदर सिंह ने गंडीविंड गांव में छापेमारी कर एक घर से 6930 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की। हालांकि आरोपी सुरिंदर सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Source link

