डिग्री के साथ-साथ अब स्किल भी दे रहा करियर को नई पहचान – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर आजकल शहर के कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों में स्किल आधारित शिक्षा की बढ़ती अहमियत साफ दिखाई दे रही है। पारंपरिक डिग्री कोर्सों के साथ अब विद्यार्थी ऐसे कोर्स चुन रहे हैं, जिनमें प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, इंडस्ट्री एक्सपोजर और रोजगार के बेहतर अवसर मिलें। यही वजह है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड टेक्नोलॉजी, कंप्यूटरीकृत अकाउंटिंग, डिजिटल कॉमर्स, फार्मेसी और तकनीकी ट्रेडों की मांग लगातार बढ़ रही है। विभिन्न कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों में दाखिला रुझानों से साफ है कि अब युवा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहते। गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक कॉलेज (लाडोवाली रोड) में पहले चरण की काउंसलिंग के बाद इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर असिस्टेंटशिप और फार्मेसी विद्यार्थियों की पहली पसंद बने हैं। इनकी करीब 20 सीटें भरी जा चुकी हैं। प्रिंसिपल प्रेणुका जिंदल ने बताया कि इन कोर्सों में बेहतर प्लेसमेंट और स्वरोजगार की संभावनाओं के कारण रुझान बढ़ा है। छात्र डिप्लोमा के बाद नौकरी के साथ व्यवसाय शुरू कर सकते हैं या लेटरल एंट्री से इंजीनियरिंग डिग्री के दूसरे वर्ष में प्रवेश ले सकते हैं। लाजपत नगर स्थित गवर्नमेंट आईटीआई में कोपा, कॉस्मेटोलॉजी, डिजिटल फोटोग्राफी और फैशन डिजाइनिंग जैसे तकनीकी ट्रेडों में दाखिले जारी हैं। प्रिंसिपल परगट सिंह ने बताया कि इस समय कोपा और कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड की सबसे अधिक मांग है। विदेश जाने की तैयारी कर रहे युवा भी इन स्किल आधारित कोर्सों में विशेष रुचि दिखा रहे हैं। डीएवी कॉलेज के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रमुख डॉ. मानव अग्रवाल ने बताया कि कॉलेज का माइक्रोसॉफ्ट के साथ एमओयू है, जिसके तहत क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई इन एज्योर और जेनरेटिव एआई जैसे 1 वर्ष के 5 ऑनलाइन कोर्स चल रहे हैं। इसके अलावा 30 घंटे के वैल्यू एडेड कोर्स (जैसे कंप्यूटरीकृत अकाउंटिंग, डिजिटल मार्केटिंग) भी संचालित हैं, जिनमें अन्य युवा भी दाखिला ले सकते हैं। फिलहाल एआई और अकाउंटिंग की 10 से 15 सीटें भर चुकी हैं। दूसरी ओर, जीएनडीयू कॉलेज (लाडोवाली रोड) में बी.वॉक के तहत डिजिटल एंड ई-कॉमर्स और जर्नलिज्म एंड मीडिया कोर्सों की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। दोनों में 30-30 सीटें हैं। जर्नलिज्म में करीब 20 और डिजिटल कॉमर्स में लगभग 30 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। वर्ष 2019 में शुरू हुए इन कोर्सों में बढ़ती मांग के कारण अब दाखिला अवधि बढ़ानी पड़ रही है। इनमें इंडस्ट्री इंटर्नशिप भी अनिवार्य है। डीएवी के मुख्य शॉर्ट-टर्म कोर्स कंप्यूटरीकृत अकाउंटिंग : कैटप्रो व टैली कोर्स की भारी मांग। एआई-मशीन लर्निंग : आधुनिक तकनीक पर आधारित विशेष सत्र। वैल्यू एडेड कोर्स : कुल 30 घंटे का रोजगारपरक प्रशिक्षण। प्रैक्टिकल ट्रेनिंग : हर कोर्स में 25 घंटे का प्रैक्टिकल वर्क। सीटों की स्थिति : प्रति बैच में 20 से 25 सीटें उपलब्ध हैं। आईटीआई के मुख्य ट्रेंडिंग ट्रेड कोपा ट्रेड : कंप्यूटर ऑपरेटर कोर्स की सबसे ज्यादा मांग। कॉस्मेटोलॉजी : ब्यूटी सेक्टर में करियर बनाने का शानदार मौका। डिजिटल फोटोग्राफी : क्रिएटिव फील्ड में युवाओं का बढ़ता रुझान। तकनीकी ट्रेड : सीएनसी मशीन टेक्नीशियन व अन्य कोर्स शामिल। विदेश का आकर्षण : बाहर जाने वाले युवा ले रहे हैं अधिक रुचि।
Source link

