मासिक वेतन 21 हजार है तभी मिलेगा ईएसआई की योजनाओं का फायदा – Jalandhar News

मासिक वेतन 21 हजार है तभी मिलेगा ईएसआई की योजनाओं का फायदा – Jalandhar News




भास्कर न्यूज | जालंधर कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के सहायक निदेशक दीपक कुमार व ब्रांच मैनेजर हेमराज ने बताया कि जिन कर्मचारियों का मासिक वेतन 21 हजार रुपये तक है, वे ईएसआई योजना के दायरे में आते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी का बेसिक वेतन, रिटेनिंग अलाउंस और महंगाई भत्ता मिलाकर कुल वेतन 21 हजार रुपये या उससे कम है, तो वह ईएसआई की सुविधाओं का लाभ लेने का पात्र है। दीपक कुमार ने बताया कि ईएसआई के तहत बीमाकृत कर्मचारी और उसके परिवार को पहले दिन से इलाज की सुविधा मिलती है। बीमारी के कारण छुट्टी लेने पर तय शर्तों के अनुसार अधिकतम 91 दिन तक औसत वेतन का 70 प्रतिशत नकद भुगतान किया जाता है। कुछ विशेष परिस्थिति में बेरोजगार होने पर, बीमित को अधिकतम दो साल तक बेरोजगारी भत्ता भी मिल सकता है। उन्होंने बताया कि काम के दौरान चोट लगने से अस्थायी या स्थायी दिव्यांगता होने पर कर्मचारी को नकद सहायता दी जाती है। यदि कार्यस्थल पर दुर्घटना में कर्मचारी की मौत हो जाती है तो उसके आश्रितों को आश्रितजन हितलाभ भी दिया जाता है। महिला कर्मचारियों को गर्भावस्था और प्रसव के दौरान 26 सप्ताह तक तथा गर्भपात की स्थिति में छह सप्ताह तक औसत वेतन के बराबर नकद लाभ दिया जाता है। जिन क्षेत्रों में ईएसआई अस्पताल या डिस्पेंसरी नहीं है, वहां नियमों के अनुसार प्रसूति खर्च के लिए 10,000 रुपये दिए जाते है। इसके अलावा बीमित की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए अधिकतम 20,000 हजार रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि नौकरी के दौरान चोट लगने से शारीरिक दिव्यांगता होने पर कृत्रिम अंग, पुनर्वास और व्यावसायिक प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि सभी लाभ लेने के लिए ईएसआई के नियमों और अंशदान संबंधी शर्तों का पालन करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *