टेस्ट क्रिकेट में रूट के 14,000 रन पूरे: तेंदुलकर के बाद दूसरे खिलाड़ी; इंग्लैंड को पांचवें दिन चाहिए 281 रन, न्यूजीलैंड को 5 विकेट
1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जो रूट न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 75 रन बनाकर नाबाद हैं।
लंदन के ओवल मैदान पर इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में 14,000 रन पूरे कर लिए हैं। वे इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले केवल भारत के सचिन तेंदुलकर ही टेस्ट क्रिकेट में 14,000 से ज्यादा रन बना सके थे।
चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक रूट 75 रन बनाकर नाबाद थे। हालांकि मैच में न्यूजीलैंड की स्थिति मजबूत बनी हुई है। 463 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट पर 182 रन बनाए हैं। मेजबान टीम को जीत के लिए अभी 281 रन और बनाने हैं, जबकि न्यूजीलैंड को जीत के लिए सिर्फ 5 विकेट की जरूरत है।

काइल जैमीसन के शुरुआती झटकों से बैकफुट पर आया इंग्लैंड
463 रन के लक्ष्य के सामने इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने मैच के शुरुआती ओवरों में ही दोहरा झटका देकर इंग्लैंड को संकट में डाल दिया। सलामी बल्लेबाज एमिलियो गे को मैच के पहले ही ओवर में मैट हेनरी की गेंद पर जीवनदान मिला, लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा सके और केवल 11 रन बनाकर फॉरवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच थमा बैठे। इसके बाद जैमीसन ने जैकब बेथेल को अंदर आती गेंद पर एलबीडब्ल्यू कर पवेलियन भेजा।
बेन डकेट भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और विल ओ’रूर्के की गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में शॉर्ट मिडविकेट पर आसान कैच दे बैठे। केवल 40 रन पर 3 विकेट गिर जाने के बाद इंग्लैंड की टीम पूरी तरह दबाव में आ गई।
जो रूट और हैरी ब्रूक ने संभाली पारी, ब्रूक ने 33 गेंदों में बनाई फिफ्टी
तीन विकेट जल्दी गिर जाने के बाद जो रूट और हैरी ब्रूक ने पारी को संभाला और तेजी से रन बनाए। ब्रूक ने अपने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और महज 33 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। चायकाल के बाद ब्रूक ने जैमीसन की गेंद पर मिड-ऑफ के ऊपर से शानदार शॉट लगाया। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने रनों की गति पर अंकुश लगाने की रणनीति अपनाई। मैट हेनरी ने अपने दूसरे स्पैल में बेहतरीन गेंदबाजी (6 ओवर में 10 रन, 1 विकेट) करते हुए इस साझेदारी को तोड़ा। हैरी ब्रूक 54 रन बनाकर हेनरी की गेंद पर स्लिप में डेरिल मिचेल को कैच दे बैठे।

जो रूट और हैरी ब्रूक ने चौथे विकेट के लिए 117 गेंदों पर 97 रन की साझेदारी की।
अगले टेस्ट में कप्तान बेन स्टोक्स की हो सकती है वापसी ओवल टेस्ट में इंग्लैंड की कमजोर बल्लेबाजी के बीच अगले मैच के लिए अच्छी खबर आ रही है। नियमित कप्तान बेन स्टोक्स ट्रेंट ब्रिज में होने वाले अगले टेस्ट मैच में वापसी कर सकते हैं। स्टोक्स फिलहाल ओवल से करीब 300 मील दूर डरहम के लिए नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ घरेलू मैच खेल रहे हैं, जहां उन्होंने 95 रनों की शानदार पारी खेली है। उनकी गैरमौजूदगी में इंग्लैंड का मिडिल ऑर्डर इस मैच में बिखरता हुआ नजर आया।
——————————
हरमनप्रीत 200 टी-20 खेलने वाली पहली क्रिकेटर बनेंगी:भारत-साउथ अफ्रीका मुकाबला आज; दोनों के बीच वनडे वर्ल्डकप फाइनल भी हुआ था

विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में आज दो मुकाबले खेले जाएंगे। सबसे ज्यादा नजरें भारत और साउथ अफ्रीका के मुकाबले पर रहेंगी। मैनचेस्टर में शाम 7 बजे से होने वाले मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम सेमीफाइनल के करीब पहुंच जाएगी। इससे पहले ब्रिस्टल में दोपहर 3 बजे से वेस्टइंडीज और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। पूरी खबर


