गुरदासपुर में बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज: प्रशासन ने सेना-बीएसएफ संग समीक्षा की; विभागों को दिए निर्देश – Batala News
मानसून के दौरान संभावित बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए गुरदासपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों, पुलिस, सेना और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। यह बैठक गुरदासपुर में डिप्टी कमिश्नर आदित्य उप्पल के दिशा-निर्देशों पर जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला राजस्व अधिकारी जसकरण सिंह ने की। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा पंजाब पुलिस, सेना और बीएसएफ के अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में जिला राजस्व अधिकारी ने सभी विभागों को मानसून के मद्देनजर अग्रिम तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। ड्रेनेज विभाग को सेम नालों की सफाई और मरम्मत का कार्य तुरंत पूरा करने को कहा गया, जबकि नहरी विभाग को नहरों की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बिजली विभाग को आपूर्ति बंद करने के आदेश बिजली विभाग को बाढ़ के दौरान खतरे वाले क्षेत्रों में तुरंत बिजली आपूर्ति बंद करने के आदेश दिए गए। नगर परिषदों को शहरों के सीवरेज और नालों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि जलभराव की स्थिति से बचा जा सके। स्वास्थ्य विभाग को दवाइयों और डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया। जल सप्लाई विभाग को स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग और मंडी विभाग को संवेदनशील सड़कों और पुलों की मरम्मत समय पर पूरी करने के लिए निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त, पशुपालन विभाग को पशुओं की सुरक्षा, दवाइयों और चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण विकास विभाग को मनरेगा के तहत बाढ़ रोकथाम के कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। शिक्षा विभाग को आवश्यकता पड़ने पर स्कूलों में राहत शिविर स्थापित करने की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link

