कोटकपूरा नगर कौंसिल पर AAP का कब्जा: 5 पार्षदों की बगावत के बाद भी गैरी बने अध्यक्ष; CM का पत्र लेकर पहुंचे मंत्री मुंडियां – Faridkot News
फरीदकोट जिले में कोटकपूरा नगर कौंसिल के प्रधान, वरिष्ठ उपप्रधान और उप प्रधान के चुनाव के लिए मंगलवार बाद दोपहर कौंसिल कार्यालय में नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में कौंसिल के कुल 29 पार्षदों में आम आदमी पार्टी से संबंधित 21 पार्षदों ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया। प्रधान पद के लिए जब मुंडियां ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पत्र खोलकर वार्ड नंबर 22 से बिना मुकाबले चयनित पार्षद गुरप्रीत सिंह गैरी वड़िंग का नाम प्रस्तावित किया गया तो वार्ड नंबर 10 से पार्षद स्वतंत्र सैनी जोशी ने बगावत करते हुए चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा कर दी। इस पद के लिए हुए मत विभाजन के दौरान गुरप्रीत सिंह गैरी वड़िंग को 16 वोट मिले, जबकि स्वतंत्र जोशी को महज 5 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार गैरी वड़िंग नगर काउंसिल कोटकपूरा के नए प्रधान निर्वाचित घोषित किए गए। इसके बाद बाकी दोनों पदों के लिए सर्वसम्मति से चुनाव हुआ जिसमें वार्ड नंबर 26 से आम आदमी पार्टी के पार्षद सुखजिंदर सिंह तख्खी को वरिष्ठ उपप्रधान तथा वार्ड नंबर 3 से आप पार्षद अनीता अरोड़ा को उप प्रधान चुना गया। चुनाव के बाद कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने नवनिर्वाचित प्रधान, वरिष्ठ उप प्रधान और उप प्रधान को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर काउंसिल के माध्यम से शहर के विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। कांग्रेस-अकाली दल के 8 पार्षदों ने जताई नाराजगी दूसरी ओर कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल से संबंधित आठ पार्षदों ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा चुनाव प्रक्रिया में शामिल नहीं होने दिया गया। उन्होंने कहा कि वह बैठक से आधे घंटे पहले पहुंच गए लेकिन उन्हें यह कहते हुए बैठक हाल में जाने नहीं दिया कि अभी आप पार्षदों की बैठक हो रही है। बाद में 21 पार्षदों की हाजिरी में चुनाव कर लिया।
Source link

