मोगा में स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, एक मौत, 5 घायल: बेसहारा पशुओं को बचाते हुए गाड़ी अनियंत्रित होने से हादसा, घायलों को पहुंचाया अस्पताल – Moga News
कस्बा बाघापुराना के तहत आते राजियाना बस अड्डे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सड़क पर अचानक सामने आए लावारिस पशुओं को बचाने के प्रयास में हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार थे। जब वे राजियाना बस अड्डे के पास पहुंचे, तो अचानक सड़क पर लावारिस पशु आ गए। उन्हें बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ों से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। एक की मौके पर मौत, पांच अस्पताल में भर्ती मामले की जांच कर रहे थाना बाघापुराना के सहायक थानेदार (ASI) बूटा सिंह ने बताया कि इस हादसे में जिला फतेहगढ़ साहिब के गांव सहावी निवासी जगमीत सिंह (30) की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी चालक लखविंदर सिंह (निवासी सेखा खुर्द) समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिसिया कार्रवाई जारी ASI बूटा सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक जगमीत सिंह के चाचा रजिंदर सिंह के बयानों के आधार पर धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे वारिसों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की आगे की कानूनी जांच की जा रही है।
Source link

